जलभराव, रपटों और पुलियों से दूर रहने की निगमायुक्त ने की अपील, बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतने के निर्देश
कटनी। अंचल में निरंतर जारी वर्षा के चलते नगर से गुजरने वाली नदी और प्रमुख नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। जलप्रवाह में अप्रत्याशित वृद्धि और संभावित दुर्घटनाओं की आशंका को दृष्टिगत रखते हुए नगर पालिक निगम प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संवेदनशील घाटों पर विशेष बैरिकेडिंग कराई गई है।
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने आमजन से सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने का आग्रह किया है। उन्होंने बताया कि एहतियात के तौर पर मोहन घाट, मसूरहा घाट एवं कटाए घाट सहित अन्य संवेदनशील स्थलों पर बैरिकेड्स लगाए गए हैं। नागरिकों से अपील की गई है कि वे बैरिकेडिंग को लांघकर घाटों अथवा जलमग्न तटों के समीप न जाएं।
निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि उफान की स्थिति में जलमग्न पुलियों, रपटों और नालों को पार करना अत्यंत जोखिम भरा हो सकता है। जब तक जलस्तर सामान्य न हो, तब तक नागरिक ऐसे स्थानों से पर्याप्त दूरी बनाकर रखें। विशेष रूप से बच्चों को नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास कतई न जाने दें।
निगमायुक्त सुश्री परिहार ने सचेत करते हुए कहा कि वर्षाकाल में बरती गई तनिक सी असावधानी भी भीषण दुर्घटना में तब्दील हो सकती है। अतः नागरिक संयम बरतें, सतर्क रहें और जलस्तर घटने तक जोखिम भरे जलस्रोतों से पूरी तरह दूर रहकर प्रशासन का सहयोग करें।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
