कटनी। कुठला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 158 बकरा-बकरियों को क्रूरतापूर्वक एवं अवैध तरीके से परिवहन किए जाने के मामले में चार लोगों को पकड़ा है। पुलिस ने पशुओं से भरा ट्रक भी जब्त किया है। बरामद पशुओं की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ट्रक क्रमांक MP20XB8464 में बड़ी संख्या में बकरा-बकरियों को क्षमता से अधिक भरकर पटेहरा की ओर से कटनी लाया जा रहा है। सूचना पर कुठला पुलिस ने देवडोगरा मोड़ पर घेराबंदी कर ट्रक को रोककर जांच की।
जांच के दौरान ट्रक में 158 बकरा-बकरी भूखे-प्यासे और क्षमता से अधिक संख्या में क्रूरतापूर्वक भरे मिले। पशुओं के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज अथवा अनुज्ञापत्र भी प्रस्तुत नहीं किया गया। पूछताछ में पशुओं को हैदराबाद ले जाने की बात सामने आई।
पुलिस ने मौके से अफसर उर्फ राजा (32), बल्लू वर्मन (34), रजी (18) और सुनील कुशवाहा (35) को पकड़ा। सभी आरोपी कटनी जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने 158 पशुओं और ट्रक को विधिवत जब्त कर पशुओं को सुरक्षित देखरेख के लिए हिफाजतनामा पर सुपुर्द किया तथा उनका चिकित्सीय परीक्षण कराया। मामले में अपराध क्रमांक 742/26 दर्ज कर पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(घ), मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 66/192(ए) एवं 130/177(3) के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम की भूमिका
पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक तीरथ तेकाम, प्रधान आरक्षक केशव मिश्रा, सुनील पाण्डेय, आरक्षक शिशिर पाण्डेय सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
