माधवनगर पुलिस ने चंदन चोरी गिरोह का किया पर्दाफाश, 6 आरोपी गिरफ्तार

कटनी। थाना माधवनगर पुलिस ने चंदन के पेड़ों की चोरी करने वाले जिला स्तर के शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए चंदन के पेड़ों के टुकड़े भी बरामद किए गए हैं।
यह सफलता पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चिसिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय दुबे के नेतृत्व में गठित टीम को मिली।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी कमलेश कुशवाहा ने 14 मार्च 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम छहरी स्थित शंकर सिंधी के चंदन और आंवला बगीचे से 8-9 मार्च की रात अज्ञात चोर 15 चंदन के पेड़ काटकर ले गए। वहीं 15 अन्य पेड़ों के तनों को काटकर क्षतिग्रस्त कर दिया। शिकायत पर थाना माधवनगर में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस लगातार संदिग्धों की तलाश कर रही थी। सूचना मिली कि आरोपी सतना जिले में मौजूद हैं, जहां स्थानीय पुलिस की मदद से उन्हें पकड़ा गया। बाद में माधवनगर पुलिस ने आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी भोले-भाले वेश में माला, रुद्राक्ष आदि बेचने के बहाने पहले इलाके की रेकी करते थे। इसके बाद रात में महिला और पुरुष साथी मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। गिरोह के खिलाफ सीमावर्ती सतना जिले में भी अपराध दर्ज हैं।
कार्रवाई में उपनिरीक्षक नवीन नामदेव, उपनिरीक्षक योगेश मिश्रा, सहायक उपनिरीक्षक रामनरेश मिश्रा और आरक्षक लोकेन्द्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *