कटनी। शहर के सबसे व्यस्ततम व्यापारिक क्षेत्र घंटाघर बाजार में एक किराना व्यापारी से डंडे के दम पर अवैध वसूली करने, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने वाले दो शातिर बदमाशों को कोतवाली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में से एक आदतन अपराधी है, जिस पर पहले से कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल डंडा भी बरामद कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दुबे कॉलोनी (रफी अहमद किदवई वार्ड) निवासी ईश्वर लाल गेई (49 वर्ष) की घंटाघर में “रामचंद्र एण्ड संस” के नाम से किराना दुकान है। बीती 29 जून की रात को क्षेत्र के दो बदमाश छोटू निषाद और शिब्बू शाण्डिल्य उनकी दुकान पर पहुंचे। दोनों ने व्यापारी से शराब पीने के लिए जबरन पैसों की मांग की। जब व्यापारी ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। आसपास के लोगों के बीच-बचाव करने पर आरोपी वहां से भाग निकले।
व्यापारी संघ की मांग पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना से नाराज व्यापारी संघ ने पुलिस को आवेदन देकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। घटना के बाद से ही दोनों आरोपी अपने ठिकानों से फरार थे।
बाईपास ढाबे के पास से घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी
बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों आरोपी जुहला बायपास स्थित अमन ढाबा के पास कहीं बाहर भागने की फिराक में खड़े हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम ने बिना वक्त गंवाए मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा।
गिरफ्तार किए गए आरोपी:
* छोटू उर्फ गिरधारी निषाद (45 वर्ष), निवासी- गांधीगंज, कटनी।
* शुभम उर्फ शिब्बू शाण्डिल्य (32 वर्ष), निवासी- सुख सागर अपार्टमेंट, अशोक कॉलोनी, कटनी। (आरोपी शिब्बू के खिलाफ पूर्व से 08 आपराधिक मामले दर्ज हैं)
कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी), 115(2), 119(1), 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
