संचालनालय भोपाल ने कार्यवाही के लिए कटनी कलेक्टर को लिखा पत्र
कटनी/भोपाल:
मध्य प्रदेश के कटनी जिले में अवैध उत्खनन और खनिज चोरी के मामलों पर प्रशासन का शिकंजा कसता नजर आ रहा है। भोपाल स्थित भौमिकी तथा खनिकर्म संचालनालय ने कटनी के एक बड़े खनिज कारोबारी के खिलाफ ₹7 करोड़ से अधिक की बकाया राशि वसूलने के लिए कटनी कलेक्टर को कड़े निर्देश जारी किए हैं।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कटनी जिले के विजयराघौगढ़ तहसील अंतर्गत ग्राम मोहन कलेहरा निवासी मेसर्स के.पी. अवस्थी (प्रोपराइटर प्रसाद अवस्थी) के विरुद्ध खनिज चोरी का मामला दर्ज था। इस संबंध में तत्कालीन कलेक्टर महोदया द्वारा 15 मार्च 2010 को एक आदेश पारित किया गया था, जिसके तहत खनिज चोरी की रॉयल्टी से संबंधित कुल ₹7,31,56,160 (सात करोड़ इकतीस लाख छप्पन हजार एक सौ साठ रुपये) की पेनल्टी/वसूली निकाली गई थी।
संचालनालय ने दिए सख्ती के निर्देश
लंबे समय से लंबित इस वसूली मामले में अब भोपाल संचालनालय ने कड़ा रुख अपनाया है। संचालनालय के संयुक्त संचालक जितेन्द्र कुमार सोलंकी द्वारा कटनी कलेक्टर (खनिज शाखा) को पत्र (क्रमांक I/308746/2025) जारी कर निर्देशित किया गया है कि इस मामले में प्राप्त पत्र को मूलतः संलग्न करते हुए नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाए। साथ ही, अनावेदक से इस भारी-भरकम राशि की वसूली कर, की गई कार्रवाई से संचालनालय को तत्काल अवगत कराने का कष्ट करें।
प्रशासनिक महकमे में हड़कंप
खनिज विभाग द्वारा इतने पुराने और बड़े मामले में अचानक फाइल खुलने और सीधे भोपाल से रिकवरी के आदेश आने के बाद स्थानीय खनिज माफिया और संबंधित पक्षों में हड़कंप मच गया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि जिला प्रशासन इस करोड़ों रुपये की राजस्व वसूली को लेकर कितनी तत्परता दिखाता है।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
