मोदी कैबिनेट में बड़े फेरबदल की सुगबुगाहट: मानसून सत्र से पहले बदल सकते हैं कई चेहरे

​धर्मेंद्र प्रधान की हो सकती है छुट्टी, निर्मला सीतारमण को शिक्षा और शक्तिकांत दास को मिल सकती है वित्त मंत्रालय की कमान
नई दिल्ली/ संसद के आगामी मानसून सत्र से ठीक पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केंद्रीय मंत्रिमंडल में एक बड़े और व्यापक फेरबदल की अटकलें तेज हो गई हैं। राजनीतिक गलियारों में इस बात की जोरदार चर्चा है कि खराब प्रदर्शन करने वाले कई मंत्रियों को बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है, जबकि हालिया विवादों में घिरे कुछ मंत्रियों के विभागों में बड़ा फेरबदल संभावित है। इस संभावित बदलाव के केंद्र में वर्तमान वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का नाम सबसे प्रमुखता से लिया जा रहा है।
​शक्तिकांत दास हो सकते हैं नए वित्त मंत्री
सूत्रों के अनुसार, वर्तमान वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को शिक्षा मंत्रालय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है, जबकि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के पूर्व गवर्नर और पूर्व आईएएस अधिकारी शक्तिकांत दास (69 वर्ष) को देश का नया वित्त मंत्री बनाया जा सकता है। दास के पास सरकार के साथ काम करने का लंबा प्रशासनिक अनुभव और वित्तीय मामलों पर गहरी पकड़ है, जिसके चलते इस रेस में उनका नाम सबसे आगे चल रहा है।
​नीट पेपर लीक मामला बना बड़ी वजह
शिक्षा मंत्रालय में इस बड़े बदलाव की मुख्य वजह हाल ही में देश भर में हुआ ‘नीट (NEET) पेपर लीक’ मामला माना जा रहा है, जिसने सरकार की छवि को काफी नुकसान पहुँचाया है। विपक्ष लगातार शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहा है। ऐसे में प्रधान से शिक्षा मंत्रालय वापस लेकर सरकार जनता को यह कड़ा संदेश देना चाहती है कि वह जनभावनाओं और युवाओं के भविष्य को लेकर बेहद संवेदनशील है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *