गैस सिलेंडर महंगा होने से बढ़ा रसोई खर्च, नए कनेक्शन फिलहाल बंद
भोपाल। मध्य प्रदेश में घरेलू और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर महंगे होने का असर अब आम लोगों की रसोई तक पहुंच गया है। अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार में उथल-पुथल के चलते गैस की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे होटल, रेस्टोरेंट और घरों का रसोई खर्च बढ़ गया है। इसका सीधा असर खाने-पीने की वस्तुओं की कीमतों पर भी देखने को मिल रहा है, जिनमें करीब 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी बताई जा रही है।
स्थिति यह है कि ऑयल कंपनियों ने फिलहाल नए एलपीजी कनेक्शन जारी करना भी बंद कर दिया है। पिछले तीन महीनों से हजारों उपभोक्ता नए कनेक्शन के लिए इंतजार कर रहे हैं। केवल Bhopal में ही हजारों आवेदन लंबित बताए जा रहे हैं। लोगों को समय पर बुकिंग और सिलेंडर उपलब्ध कराने में भी परेशानी हो रही है।
सबसे अधिक दिक्कत छात्रों और किराए के मकानों में रहने वाले लोगों को उठानी पड़ रही है। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र राघव ने बताया कि पहले घरेलू सिलेंडर लगभग 800 रुपये में मिल जाता था, लेकिन अब उसी सिलेंडर के लिए करीब 1000 रुपये तक चुकाने पड़ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि बढ़ते खर्च के कारण नया कनेक्शन लेने के लिए आवेदन किया था, लेकिन गैस एजेंसी ने यह कहकर वापस कर दिया कि फिलहाल ऑयल कंपनियों ने नए कनेक्शन जारी करना बंद कर दिया है।
जानकारी के अनुसार नए एलपीजी कनेक्शन को लेकर ऑयल कंपनियों के स्तर पर लगातार चर्चा जारी है। कंपनियों का कहना है कि इस विषय पर उच्च स्तर पर विचार-विमर्श चल रहा है और संभावना है कि अगले महीने से नए कनेक्शन फिर शुरू किए जा सकते हैं।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
