नदीपार क्षेत्र में खुले नाले में गिरकर गाय घायल, रहवासियों ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

कटनी। नगर निगम द्वारा नदीपार क्षेत्र में कराई जा रही नाले की खुदाई स्थानीय लोगों के लिए परेशानी और खतरे का कारण बनती जा रही है। शनिवार को खुले पड़े नाले में गिरकर एक गाय घायल हो गई, जिसके बाद क्षेत्रवासियों में नाराजगी देखने को मिली।
रहवासियों का कहना है कि नगर निगम ने नाले की खुदाई तो कर दी, लेकिन सुरक्षा के लिए न तो बैरिकेडिंग की गई और न ही किसी प्रकार के चेतावनी संकेत लगाए गए। इससे आम नागरिकों के साथ-साथ मवेशियों के लिए भी दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
क्षेत्र के एक निवासियों ने बताया कि शुक्रवार शाम एक साइकिल सवार सड़क पर गिर गया था। सौभाग्य से वह नाले में नहीं गिरा, अन्यथा गंभीर हादसा हो सकता था। स्थानीय लोगों का कहना है कि खुदाई के बाद मार्ग अव्यवस्थित हो गया है और आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
नदीपार क्षेत्र के नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि निर्माण एवं सफाई कार्यों के दौरान आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही खुले नालों के आसपास बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टर और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि किसी भी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *