निर्माण कार्य से कारोबार प्रभावित, अब विस्थापन की आशंका से आक्रोश
कटनी। पुराने बस स्टैंड स्थित फूल मंडी के व्यापारी इन दिनों दोहरी मार झेल रहे हैं। एक ओर क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्य के कारण उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है, वहीं दूसरी ओर उन्हें आशंका है कि आने वाले दिनों में उन्हें वर्तमान स्थान से पूरी तरह हटाया भी जा सकता है।
व्यापारियों का कहना है कि निर्माण कार्य के चलते उनकी दुकानों को खिसकाकर सड़क किनारे लाया जा रहा है, जिससे ग्राहकों की आवाजाही कम हो गई है और बिक्री में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। लंबे समय से यहां व्यवसाय कर रहे फूल विक्रेताओं के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
फूल व्यापारियों के बीच इस बात को लेकर भी चिंता बढ़ गई है कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद उन्हें यहां से अन्यत्र स्थानांतरित किया जा सकता है। हालांकि इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन ऐसी चर्चाओं ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है।
व्यापारियों का कहना है कि यदि उन्हें हटाया जाता है तो पहले वैकल्पिक और व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराया जाना चाहिए, ताकि उनके रोजगार पर प्रतिकूल असर न पड़े। उनका आरोप है कि बिना पर्याप्त संवाद और योजना के किए जा रहे बदलावों से छोटे व्यापारियों को सबसे अधिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
फूल मंडी के व्यापारियों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि उनकी आजीविका और वर्षों पुराने व्यवसाय को ध्यान में रखते हुए कोई भी निर्णय लिया जाए तथा उन्हें विश्वास में लेकर ही आगे की कार्रवाई की जाए।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
