कमीशन पर स्मैक बेचने वाला एजेंट और महिला सप्लायर गिरफ्तार, ₹1.10 लाख का नशा जब्त

कटनी । जिले को नशामुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर एक और बड़ी चोट की है। पुलिस ने घेराबंदी कर 11.06 ग्राम स्मैक के साथ एक शातिर पुरुष आरोपी और उसे नशा सप्लाई करने वाली महिला सप्लायर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। जब्त की गई स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 10 हजार रुपये आंकी जा रही है।

रेलवे मैदान में घेराबंदी कर दबोचा
कोतवाली थाना प्रभारी राखी पांडे ने बताया कि पुलिस अधीक्षक (SP) अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि बैलट घाट एवं खिरहनी फाटक क्षेत्र में स्मैक की अवैध बिक्री की जा रही है। 5 जून को गश्त के दौरान बैलट घाट रेलवे मैदान में एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। मुस्तैद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा।

कमीशन के लालच में बेचता था नशा
पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम लाला उर्फ संतोष निषाद (56 वर्ष), निवासी खिरहनी फाटक बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से हल्के सफेद-भूरे रंग का पाउडर मिला, जो जांच में स्मैक निकला। तौल करने पर मादक पदार्थ की मात्रा 11.06 ग्राम पाई गई।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी संतोष ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि वह तो सिर्फ एक जरिया है, उसे स्मैक बेचने के बदले कमीशन मिलता था। उसने कबूला कि उसे यह नशा खिरहनी फाटक की ही रहने वाली एक 48 वर्षीय महिला सप्लायर उपलब्ध कराती थी।

पहले भी जेल जा चुकी है शातिर महिला सप्लायर
एजेंट के कबूलनामे और मेमोरेण्डम के आधार पर कोतवाली पुलिस ने तत्काल दबिश देकर महिला सप्लायर को भी गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि यह शातिर महिला सप्लायर पहले भी अवैध नशे के कारोबार में पकड़ी जा चुकी है और इसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।
मामला दर्ज, जांच शुरू: पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 569/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 8/21 एवं भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 49 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इनके पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है कि यह खेप कटनी में कहां से लाई जा रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *