स्कूलों में कौन शिक्षक पदस्थ, कौन रिटायर और किसकी मृत्यु, शिक्षा विभाग ने मांगी रिपोर्ट

भोपाल। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पदस्थ शिक्षकों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए लोक शिक्षण संचालनालय ने बड़ा अभियान शुरू किया है। विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्कूलों में कार्यरत, रिटायर और मृत शिक्षकों का सत्यापन कर 29 मई तक रिपोर्ट प्रस्तुत करें। इसके बाद 30 मई 2026 को समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।
जानकारी के अनुसार एजुकेशन पोर्टल 3.0 पर शिक्षकों की पदस्थापना और स्कूलवार जानकारी अपडेट करने के दौरान कई गड़बड़ियां सामने आई हैं। कई मामलों में रिटायर हो चुके या मृत शिक्षकों को भी वर्तमान में कार्यरत दिखाया गया है। वहीं कुछ स्कूलों में पदस्थ शिक्षकों की जानकारी गलत दर्ज पाई गई है।
लोक शिक्षण आयुक्त ने निर्देश दिए हैं कि सभी स्कूलों में स्वीकृत पद, कार्यरत शिक्षक और रिक्त पदों का सत्यापन किया जाए। साथ ही एजुकेशन पोर्टल 3.0 पर दर्ज जानकारी का स्कूल स्तर पर मिलान कर आवश्यक संशोधन किए जाएं।
विभाग ने जिला और विकासखंड स्तर पर अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया है कि जिन स्कूलों में शिक्षक पदस्थापना संबंधी जानकारी में त्रुटियां हैं, उनकी अलग सूची तैयार कर संचालनालय को भेजी जाए। इसके अलावा जिन शिक्षकों को मृत या रिटायर दर्शाया गया है, लेकिन वे वर्तमान में कार्यरत हैं, ऐसे मामलों का तत्काल सत्यापन कर सुधार किया जाए।
विभाग ने यह भी कहा है कि जिन विद्यालयों में नेटवर्क समस्या के कारण जानकारी अपडेट नहीं हो सकी है, वहां समन्वय स्थापित कर आवश्यक जानकारी संकलित की जाए। सभी कार्य पूर्ण होने के बाद 30 मई को आयोजित बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी और आईटी समन्वयक उपस्थित रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *