नई दिल्ली। देश के क्षेत्रीय राजनीतिक दलों की वित्तीय पारदर्शिता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) की रिपोर्ट के अनुसार 67 क्षेत्रीय राजनीतिक दलों में से केवल 36 दलों की ऑडिट रिपोर्ट ही वित्त वर्ष 2024-25 के लिए चुनाव आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है, जबकि 31 पार्टियों ने तय समय सीमा बीतने के 207 दिन बाद भी अपनी रिपोर्ट जमा नहीं की।
रिपोर्ट के मुताबिक वर्ष 2024-25 में 36 क्षेत्रीय दलों की कुल आय 1,192.94 करोड़ रुपये रही, जो वर्ष 2023-24 के 2,463.17 करोड़ रुपये की तुलना में 51.57 प्रतिशत कम है।
एडीआर ने बताया कि 36 में से 21 क्षेत्रीय दलों ने अपनी घोषित आय से अधिक खर्च किया। इन दलों का कुल खर्च 1,433.07 करोड़ रुपये रहा, जो कुल आय से करीब 240.12 करोड़ रुपये ज्यादा है।
रिपोर्ट में राजनीतिक दलों की फंडिंग और वित्तीय जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि समय पर ऑडिट रिपोर्ट जमा नहीं करना राजनीतिक पारदर्शिता के लिए चिंता का विषय है।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
