कानून व्यवस्था को ठेंगा: कहीं लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा, तो कहीं महिला पर नुकीली वस्तु से जानलेवा हमला, तीन थानों में गंभीर मामले दर्ज कटनी ।

जिले में बदमाशों और दबंगों के हौसले बुलंद हैं। आपसी रंजिश और विवादों के चलते जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मारपीट और जानलेवा हमले की गंभीर वारदातें सामने आई हैं। एन.के.जे. के केवलारी में जहाँ एक युवक को खेत पर घेरकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा गया, वहीं स्लीमनाबाद में युवक को जान से मारने की धमकी दी गई। इधर माधवनगर के चांदमारी इलाके में दो अज्ञात नकाबपोशों ने एक महिला पर नुकीली वस्तु से हमला कर सनसनी फैला दी। पुलिस ने सभी मामलों में बीएनएस (BNS) की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।

मामला 1: एन.के.जे. (केवलारी) — खेत पर युवक को घेरकर पीटा
एनकेजे थाना अंतर्गत ग्राम केवलारी में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया। जानकारी के अनुसार, धीरज विश्वकर्मा (24 वर्ष), पिता ज्ञानी विश्वकर्मा, निवासी केवलारी सुबह करीब 8:30 बजे भुरा पटेल के खेत के पास से गुजर रहा था।
तभी गांव के ही दबंगों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। आरोपी शिवम पटेल, सागर पटेल, दीपक पटेल और भुरा पटेल ने एक राय होकर पहले तो पीड़ित को मां-बहन की नग्न गालियां दीं और फिर लाठी-डंडों से उस पर टूट पड़े। इस हमले में युवक को गंभीर चोटें आई हैं। एनकेजे पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 268/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 351(3) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

मामला 2: माधवनगर (चांदमारी) — महिला पर धारदार नुकीली वस्तु से हमला, दहशत
माधवनगर थाना क्षेत्र के अमीरगंज चांदमारी इलाके में दिनदहाड़े एक महिला पर हमले से सनसनी फैल गई। ग्राम भकरवारा (बहोरीबंद) की रहने वाली सुनीता रजक (40 वर्ष), पिता गुलजारी रजक जब चांदमारी में प्रार्थिया के मकान के पास थीं, तभी दो अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे।
इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती, आरोपियों ने किसी धारदार और नुकीली वस्तु से उन पर हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से भाग निकले। दिनदहाड़े हुए इस हमले से इलाके में दहशत का माहौल है। माधवनगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 467/2026 दर्ज कर धारा 118(1) और 3(5) BNS के तहत अज्ञात आरोपियों की पतारसी शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

मामला 3: स्लीमनाबाद (शांति नगर) — घर के बाहर रोककर दी जान से मारने की धमकी
मारपीट की तीसरी वारदात स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के शांति नगर से सामने आई है। यहाँ रहने वाले नीरज चौधरी (23 साल), पिता गिरधारी चौधरी को उसके घर के बाजू में ही पड़ोसियों ने निशाना बनाया।
नीरज जब अपने घर के पास था, तब पुरानी बात को लेकर पड़ोसी रामकेश चौधरी और राजेन्द्र चौधरी ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने एक राय होकर बीच सड़क पर गंदी-गंदी गालियां दीं और विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने पीड़ित को सरेआम जान से मारने की धमकी भी दी। स्लीमनाबाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 315/2026 दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ धारा 296 बी, 115(2), 351(3) और 3(5) बीएनएस के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *