भोपाल,/मध्यप्रदेश में एक बार फिर बड़े प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी शुरू हो गई है। राज्य सरकार सात से दस जिलों के पुलिस अधीक्षकों (एसपी) सहित कई आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर सकती है। सूत्रों के अनुसार जून माह में यह सूची जारी होने की संभावना है। जिन अधिकारियों ने एक ही जिले में दो वर्ष या उससे अधिक का कार्यकाल पूरा कर लिया है, उन्हें बदला जा सकता है।
जानकारी के मुताबिक पुलिस मुख्यालय और जोन स्तर पर भी बदलाव की तैयारी चल रही है। आईजी रैंक के अधिकारियों के साथ-साथ पुलिस मुख्यालय में स्पेशल डीजी स्तर पर भी जिम्मेदारियां बदली जा सकती हैं।
गौरतलब है कि तीन मई को राज्य सरकार ने 62 पुलिस अधिकारियों के तबादले किए थे, जिनमें 24 जिलों के एसपी शामिल थे। अब प्रस्तावित फेरबदल के बाद प्रदेश के आधे से अधिक जिलों में नए पुलिस अधीक्षक पदस्थ हो जाएंगे। सूत्रों का कहना है कि आगामी सिंहस्थ आयोजन को देखते हुए इसके बाद बड़े स्तर पर बदलाव की संभावना कम है।
चुनावी तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा फैसला
अगले वर्ष प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव प्रस्तावित हैं, जिसके बाद पंचायत चुनाव भी होने हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ऐसे अधिकारियों को हटाने की तैयारी में है जो लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थ हैं। निर्वाचन आयोग की आपत्तियों से बचने के लिए यह प्रशासनिक कवायद पहले ही शुरू कर दी गई है।
अधिकारियों का मानना है कि इसके बाद बड़ा प्रशासनिक फेरबदल विधानसभा चुनाव से पहले देखने को मिल सकता है।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
