कटनी। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत आजाद चौक पुरानी बस्ती इलाके में एक नाबालिग के साथ सरेराह गाली-गलौज और मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आजाद चौक पुरानी बस्ती निवासी 17 वर्षीय आदर्श कुशवाहा पिता शिवकुमार कुशवाहा बीते दिनों शाम करीब 7 बजे आजाद चौक ढलान के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद आरोपी इंजू खान ने उसे रोक लिया। आरोपी ने बिना किसी ठोस कारण के पीड़ित को मां-बहन की गंदी-गंदी गालियां देना शुरू कर दिया। जब पीड़ित ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उसके साथ बर्बरतापूर्वक मारपीट कर दी और दोबारा दिखने पर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकला।
घर पहुंचे पीड़ित ने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने आरोपी इंजू खान के खिलाफ धारा 296(बी), 115(2), 118(1) और 351(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
2. उमरियापान: परसेल गांव में पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर हमला, पिता-पुत्र पर केस दर्ज
उमरियापान (कटनी)। उमरियापान थाना क्षेत्र के ग्राम परसेल में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक को घेरकर बेरहमी से पीटने और जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। वारदात को अंजाम देने वाले गांव के ही पिता-पुत्र के खिलाफ पुलिस ने मामला कायम किया है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम परसेल निवासी 32 वर्षीय अंकित कुमार कुर्मी पिता भारत लाल कुर्मी को गांव के ही मुन्ना मुसलमान और उसके बेटे करिया मुसलमान ने रात करीब 8:30 बजे उस समय घेर लिया जब वह गांव से गुजर रहा था। आरोपियों ने एक राय होकर अंकित का रास्ता रोका और अश्लील गालियां देने लगे। विरोध करने पर दोनों ने लाठी-डंडों से हमला कर अंकित को चोटें पहुंचाईं। शोर सुनकर आसपास के लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। उमरियापान पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(3) और 3(5) बी.एन.एस. के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
3. बड़वारा: शासकीय कन्या छात्रावास चौराहे के पास युवक को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, हालत गंभीर
कटनी। बड़वारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम विलायतकला में शासकीय कन्या छात्रावास चौराहे के पास एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने की खबर है। आरोपी ने सरेराह युवक के साथ गाली-गलौज करते हुए उसे लहूलुहान कर दिया।
फरियादी प्रेमलाल कोल (21 वर्ष) पिता नबरवद कोल निवासी विलायतकला ने पुलिस को बताया कि वह देर शाम शासकीय कन्या छात्रावास चौराहे के पास से जा रहा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर गांव के ही समय लाल कोल ने उसे रोक लिया। आरोपी ने सार्वजनिक स्थान पर मां-बहन की गंदी-गंदी गालियां दीं और मारपीट शुरू कर दी। हमले में प्रेमलाल को गंभीर चोटें आई हैं। वारदात के बाद आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। बड़वारा पुलिस ने घायल का डॉक्टरी मुलाहजा करवाते हुए आरोपी समय लाल कोल के खिलाफ धारा 296बी, 115(2), 118(1) और 351(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया है।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
