बारिश में भी नहीं रुकी सफाई, कटनी में चला विशेष स्वच्छता अभियान

कटनी। नगर पालिक निगम कटनी द्वारा शहर में बेहतर सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी है। मंगलवार को हल्की बारिश के बावजूद द्वितीय पाली में स्वच्छता मित्रों ने मुख्य मार्गों, बाजारों और बस्तियों में सघन सफाई अभियान चलाया।
निगम की टीम ने बस स्टैंड, पन्ना मोड़, गांधी गंज, घंटाघर, शनि मंदिर मार्ग, रेलवे कॉलोनी, झंडा बाजार, सराफा बाजार सहित विभिन्न क्षेत्रों में कचरा संग्रहण कर उसका वैज्ञानिक निस्तारण कराया। वहीं वर्षा ऋतु को देखते हुए नालों और नालियों की विशेष सफाई भी कराई गई, ताकि जलभराव की समस्या न हो। निगम प्रशासन ने नागरिकों से भी स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।

आवारा मवेशियों पर निगम सख्त, 21 पशु पकड़कर कांजी हाउस भेजे
कटनी। शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने और सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए नगर निगम ने आवारा मवेशियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। निगम की हांका टीम ने एनकेजे बजरिया, रेलवे ग्राउंड, मुख्य बाजार और पीडब्ल्यूडी रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 21 घुमंतू मवेशियों को पकड़कर अमीरगंज कांजी हाउस भेजा।
निगम प्रशासन ने पशुपालकों को चेतावनी दी है कि मवेशियों को खुले में छोड़ने पर नियमानुसार जुर्माना और कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

अब जोन कार्यालयों में भी बनेंगे समग्र आईडी, नागरिकों को मिलेगी राहत
कटनी। समग्र आईडी से जुड़े कार्यों के लिए अब नागरिकों को केवल मुख्य निगम कार्यालय नहीं जाना पड़ेगा। निगमायुक्त तपस्या परिहार के निर्देश पर शहर के विभिन्न जोन कार्यालयों में भी समग्र आईडी बनाने और सुधार की सुविधा शुरू कर दी गई है।
जोन-1 बस स्टैंड, जोन-2 दुर्गा चौक खिरहनी और जोन-4 माधवनगर में अलग-अलग वार्डों के लिए कंप्यूटर ऑपरेटर नियुक्त किए गए हैं। निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने संबंधित जोन कार्यालय पहुंचकर समग्र आईडी से जुड़े कार्य आसानी से कराएं।

कटनी में जलापूर्ति पर निगम का फोकस, 12 लीकेज सुधारे, 21 टैंकर भेजे
कटनी। ग्रीष्मकाल में शहरवासियों को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम लगातार प्रयासरत है। जल प्रदाय शाखा द्वारा पाइपलाइन लीकेज सुधार, जल स्रोतों की निगरानी और गुणवत्ता जांच का कार्य नियमित रूप से किया जा रहा है।
सोमवार को शहर के 12 स्थानों पर पाइपलाइन लीकेज की मरम्मत कराई गई, जबकि 18 पेयजल नमूनों की जांच भी हुई। इसके अलावा लखेरा, एनकेजे, अमीरगंज, गायत्री नगर और फॉरेस्टर वार्ड सहित कई क्षेत्रों में 21 टैंकरों से पानी की आपूर्ति कराई गई। निगम ने नागरिकों से जल समस्या होने पर कंट्रोल रूम 14420 पर सूचना देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *