रविवार को शंभू टॉकीज रोड पर गूंजेगा स्वच्छ कटनी का संदेश, योग से लेकर साइकिलिंग तक होंगी विविध गतिविधियां
कटनी, / स्वच्छ, स्वस्थ और जागरूक शहर के निर्माण की दिशा में नगर पालिक निगम कटनी द्वारा रविवार 7 जून को प्रातः 7 बजे से वीर सावरकर वार्ड स्थित शंभू टॉकीज रोड पर ‘राहगीरी डे’ का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन नागरिकों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का एक सशक्त मंच बनेगा।
नगर निगम द्वारा आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का उद्देश्य शहरवासियों को स्वच्छता के महत्व से जोड़ना और जनसहभागिता के माध्यम से स्वच्छ एवं स्वस्थ कटनी के निर्माण के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को साफ-सुथरे सार्वजनिक स्थलों, प्लास्टिक मुक्त वातावरण तथा स्वच्छ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया जाएगा। साथ ही यह संदेश भी दिया जाएगा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी से ही एक सुंदर और विकसित शहर का निर्माण संभव है।
राहगीरी डे में स्वास्थ्य और फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से योग, व्यायाम, जुंबा, साइकिलिंग, स्केटिंग, हॉर्स राइडिंग तथा पारंपरिक खेलों सहित अनेक मनोरंजक और प्रेरणादायक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से लोगों को नियमित व्यायाम एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
कार्यक्रम में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेशों के माध्यम से नागरिकों को अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने तथा सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। निगम प्रशासन का मानना है कि जनजागरूकता और सामूहिक सहभागिता से ही स्वच्छता अभियान को स्थायी सफलता मिल सकती है।
परिवार सहित शामिल होने की अपील
नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने शहरवासियों से इस अभिनव पहल में परिवार सहित सहभागी बनने की अपील की है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति सामूहिक जागरूकता ही स्वच्छ एवं स्वस्थ कटनी के निर्माण का मजबूत आधार बनेगी। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में उपस्थित होकर इसे सफल बनाने का आग्रह किया है।
राहगीरी डे के माध्यम से नगर निगम कटनी एक बार फिर यह संदेश देने जा रहा है कि स्वस्थ नागरिक, स्वच्छ वातावरण और जनसहभागिता किसी भी शहर की प्रगति और समृद्धि की आधारशिला होते हैं।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
