जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनीं 158 लोगों की समस्याएं, त्वरित निराकरण के निर्देश

कटनी, / कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर आशीष तिवारी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 158 आवेदकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
जनसुनवाई के दौरान कैमोर निवासी पुनीत केवट ने साइबर फ्रॉड के जरिए 2.24 लाख रुपये की अवैध निकासी की शिकायत की। कलेक्टर ने मामले की जांच और कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक को निर्देशित किया। वहीं वृद्धावस्था पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और भूमि विवाद से जुड़े मामलों में भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

🔶5 से 21 जून तक जिले में चलेगा जनकल्याणकारी योजनाओं का विशेष अभियान
कटनी, / विश्व पर्यावरण दिवस से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस तक जिले में 5 जून से 21 जून के बीच जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर आयोजित इस अभियान में पर्यावरण संरक्षण, जनकल्याण शिविर, प्राकृतिक खेती और योग दिवस से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे।
अभियान के तहत “एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया जाएगा। वहीं 12 से 18 जून तक विभिन्न विकासखंडों और नगरीय निकायों में जनकल्याण शिविर लगाकर पात्र हितग्राहियों का पंजीयन किया जाएगा। 19 और 20 जून को प्राकृतिक खेती पर कार्यशालाएं तथा 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे
——
🔶एमपीपीएससी परीक्षा में सफलता, चारू जैन बनीं असिस्टेंट ट्रेजरी ऑफिसर
कटनी,/ शासकीय कन्या महाविद्यालय कटनी की पूर्व छात्रा चारू जैन का चयन मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग परीक्षा 2022 के माध्यम से असिस्टेंट ट्रेजरी ऑफिसर पद पर हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से महाविद्यालय और जिले में खुशी का माहौल है।
बीएससी कंप्यूटर साइंस की छात्रा रही चारू जैन ने छात्र जीवन में शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात ने चारू को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

🔶मढ़िया गांव में पशुपालन जागरूकता शिविर, 38 पशुपालकों ने लिया लाभ
कटनी, / विकासखंड रीठी के ग्राम मढ़िया में क्षीरधारा ग्राम योजना के तहत पशुपालन जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पशु स्वास्थ्य, पोषण, बांझपन निवारण, नस्ल सुधार, चारागाह विकास और अपशिष्ट प्रबंधन जैसे विषयों पर जानकारी दी गई।
शिविर में 38 पशुपालकों ने भाग लिया। इस दौरान पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार, औषधि वितरण, गर्भ परीक्षण और बांझपन उपचार भी किया गया। पशुपालकों को वैज्ञानिक पशुपालन तकनीकों और विभागीय योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

🔶पीएम किसान ई-केवायसी के लिए गांव-गांव लगाए जाएंगे विशेष कैंप
कटनी, / प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों की ई-केवायसी, फार्मर आईडी निर्माण, वारसाना नामांतरण और नए पंजीयन के लिए तहसील स्लीमनाबाद और रीठी क्षेत्र में विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं।
कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर आयोजित इन शिविरों में किसानों की आधार और बैंक खाते की लिंकिंग, लंबित शिकायतों का निराकरण तथा पात्र किसानों का पंजीयन किया जाएगा। राजस्व निरीक्षक, पटवारी, पंचायत सचिव और कृषि विभाग का मैदानी अमला शिविरों के संचालन में सहयोग करेगा। जून माह के दौरान विभिन्न ग्राम पंचायतों में तिथिवार शिविर आयोजित किए जाएंगे।

🔶अनुसूचित जाति-जनजाति युवाओं से स्वरोजगार योजनाओं के लिए आवेदन आमंत्रित
कटनी, / जिले के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। पात्र युवक-युवतियां निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
प्रशासन ने इच्छुक युवाओं से समय सीमा के भीतर आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की है, ताकि उन्हें स्वरोजगार स्थापित करने के लिए वित्तीय सहायता और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *