कटनी। नगर निगम कटनी द्वारा ट्रांसपोर्ट नगर पुरैनी में रिक्त भूखंडों की ऑनलाइन नीलामी प्रक्रिया जारी है। इच्छुक ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों के लिए निविदा में भाग लेने के लिए अब केवल तीन दिन शेष हैं। ऑनलाइन निविदाएं 5 जून 2026 तक आमंत्रित की गई हैं।
निगम प्रशासन के अनुसार 4×6 वर्गमीटर भूखंड की प्रीमियम राशि 2.56 लाख रुपये तथा 12×15 वर्गमीटर भूखंड की प्रीमियम राशि 19.22 लाख रुपये निर्धारित की गई है। निविदा प्रपत्र का मूल्य एक हजार रुपये रखा गया है।
नगर निगम ने ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों से समय रहते ऑनलाइन प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि ट्रांसपोर्ट नगर विकसित होने से शहर में भारी वाहनों का दबाव कम होगा और व्यवसायियों को एक ही स्थान पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
—
🔶नियमों का उल्लंघन करने पर कबाड़ व्यवसायी का प्रतिष्ठान सील
कटनी। नगर निगम प्रशासन ने मंगलवार को मदन मोहन चौबे वार्ड के बरगवां क्षेत्र में संचालित एक कबाड़ व्यवसाय पर कार्रवाई करते हुए प्रतिष्ठान को सील कर दिया। निगम की जांच में पाया गया कि व्यवसायी द्वारा सार्वजनिक मार्ग और आसपास के क्षेत्र में अनधिकृत रूप से कबाड़ सामग्री का भंडारण किया जा रहा था।
अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह ने बताया कि इससे आम नागरिकों के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही थी और यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। पूर्व में कई बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद नियमों का पालन नहीं किया गया।
मंगलवार को निरीक्षण के दौरान उल्लंघन की पुष्टि होने पर निगम अमले ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए प्रतिष्ठान को सील कर दिया। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण और नियम विरुद्ध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
—
🔶स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर निगम का सफाई अभियान तेज
कटनी। स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 के मद्देनजर नगर निगम कटनी ने शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। निगम द्वारा दो शिफ्टों में सफाई, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, बाजार क्षेत्रों की विशेष सफाई तथा रोड स्वीपिंग मशीन के माध्यम से धूल नियंत्रण का कार्य लगातार किया जा रहा है।
सोमवार रात रोड स्वीपिंग मशीन से शहर के प्रमुख मार्गों और डिवाइडरों की सफाई की गई। वहीं सुबह विभिन्न बाजारों, रेलवे स्टेशन मार्ग और प्रमुख चौक-चौराहों पर सफाई अभियान चलाया गया।
आगामी बारिश को देखते हुए नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में नालों और नालियों की व्यापक सफाई भी कराई जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य जलभराव की समस्या को रोकना और नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना है।
—
🔶वार्षिक जलकर जमा करने पर एक माह की विशेष छूट
कटनी। नगर निगम कटनी द्वारा जलकर उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए शुरू की गई वार्षिक अग्रिम भुगतान योजना को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। योजना के तहत 30 जून 2026 तक एकमुश्त वार्षिक जलकर जमा करने पर उपभोक्ताओं को एक माह के जलकर के बराबर विशेष छूट दी जा रही है।
निगम प्रशासन के अनुसार अब तक 280 से अधिक उपभोक्ता इस योजना का लाभ उठा चुके हैं। योजना से नागरिकों को आर्थिक लाभ मिलने के साथ समय पर कर भुगतान को भी बढ़ावा मिल रहा है।
नगर निगम ने शेष उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि से पहले अपने निकटतम जोन कार्यालय या निगम कार्यालय में वार्षिक जलकर जमा कर छूट का लाभ प्राप्त करें। प्रशासन का कहना है कि इससे उपभोक्ताओं को भविष्य में अधिभार की परेशानी से भी राहत मिलेगी।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
