नई दिल्ली, / 1 जून 2026 से देशभर में कई महत्वपूर्ण बदलाव लागू होने वाले हैं। इन नए नियमों का सीधा असर आम लोगों की जेब और दैनिक जीवन पर पड़ेगा। गैस सिलेंडर की कीमतों से लेकर बैंकिंग, हवाई यात्रा और सोलर पैनल तक कई क्षेत्रों में बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
LPG सिलेंडर की कीमतों में बदलाव संभव
हर महीने की पहली तारीख को तेल कंपनियां घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों की समीक्षा करती हैं। ऐसे में 1 जून को भी एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बदलाव की संभावना है। वर्तमान में दिल्ली में घरेलू 14.2 किलो गैस सिलेंडर की कीमत ₹913 और 19 किलो कमर्शियल सिलेंडर की कीमत ₹2078 है। मध्य-पूर्व में जारी तनाव के चलते कीमतें बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
ATF महंगा हुआ तो बढ़ सकते हैं हवाई किराए
एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में हर महीने संशोधन होता है। ATF महंगा होने पर फ्लाइट टिकट भी महंगे हो सकते हैं। फिलहाल दिल्ली में जेट फ्यूल की कीमत करीब ₹1,04,927 प्रति किलोलीटर है। जून में कीमत बढ़ने पर यात्रियों को अधिक किराया चुकाना पड़ सकता है।
HDFC बैंक बदल रहा कैश जमा नियम
1 जून 2026 से HDFC बैंक करंट अकाउंट समेत अन्य खातों में छोटे नोट और सिक्के जमा करने के नियमों में बदलाव करने जा रहा है। नए नियमों के तहत ₹20 या उससे कम मूल्य के नोटों की जमा सीमा ₹10,000 प्रति माह और सिक्कों की सीमा ₹5,000 प्रति माह तय की गई है। निर्धारित सीमा से अधिक जमा करने पर 2 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क देना होगा।
सोलर पैनल महंगे होने की संभावना
1 जून से ALMM List-II लागू होगी। इसके तहत सरकारी योजनाओं और सब्सिडी में केवल अनुमोदित सूची में शामिल सोलर मॉड्यूल और सेल का उपयोग किया जा सकेगा। सरकार का कहना है कि इससे गुणवत्ता बेहतर होगी, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि इससे सोलर पैनल की कीमतें बढ़ सकती हैं।
जून में कई दिन बंद रहेंगे बैंक
आरबीआई की छुट्टियों की सूची के अनुसार जून महीने में अलग-अलग राज्यों में कई दिन बैंक बंद रहेंगे। 15 जून, 25 जून, 26 जून, 29 जून और 30 जून को विभिन्न राज्यों में बैंक अवकाश रहेगा। हालांकि ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं पहले की तरह 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
