दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर मार्ग पर मंगलवार-शनिवार को रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन कटनी। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या एवं दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर मार्ग की संकरी सड़क को

दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर मार्ग पर मंगलवार-शनिवार को रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
कटनी। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या एवं दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर मार्ग की संकरी सड़क को देखते हुए यातायात पुलिस द्वारा विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया जा रहा है। यह व्यवस्था प्रत्येक मंगलवार एवं शनिवार को शाम 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक प्रभावी रहेगी।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया, उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में यातायात प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर द्वारा यह व्यवस्था लागू की जा रही है।
यातायात विभाग के अनुसार बरही नाका, विश्वकर्मा पार्क, सुभाष चौक सब्जी मंडी एवं दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर मार्ग क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा और शहर के सुचारु यातायात को ध्यान में रखते हुए डायवर्जन किया जाएगा। मंदिर क्षेत्र को पैदल दर्शन मार्ग के रूप में विकसित किया जाएगा।
यह रहेगी डायवर्जन व्यवस्था
बरही नाका से दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर की ओर जाने वाले चारपहिया वाहन, ऑटो एवं ई-रिक्शा प्रतिबंधित रहेंगे। इन वाहनों को मॉल रोड, खिरहनी चौकी एवं एनपीएन मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। केवल स्थानीय निवासी एवं आपातकालीन वाहनों को नियंत्रित रूप से प्रवेश दिया जाएगा।
विश्वकर्मा पार्क की ओर से आने वाले वाहनों के लिए मंदिर मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा। छोटे वाहनों को विश्वकर्मा पार्क से सुभाष चौक होते हुए स्टेशन रोड की ओर भेजा जाएगा, जबकि भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा।
सुभाष चौक से मंदिर की ओर वन-वे पैदल कॉरिडोर बनाया जाएगा। ई-रिक्शा एवं ऑटो को झंडा बाजार और गोल बाजार की ओर मोड़ा जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर अस्थायी बैरिकेडिंग भी की जाएगी।
श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था
मंदिर के आसपास लगभग 200 से 300 मीटर क्षेत्र को “नो व्हीकल जोन” घोषित किया जाएगा तथा दर्शनार्थियों के लिए पृथक पैदल मार्ग बनाया जाएगा।
अतिरिक्त पुलिस बल रहेगा तैनात
बरही नाका, विश्वकर्मा पार्क, सुभाष चौक एवं मंदिर मार्ग पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। साथ ही क्रेन एवं टोइंग वाहन स्टैंडबाय रखे जाएंगे। सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली एवं लाउड हेलर के माध्यम से नागरिकों को वैकल्पिक मार्गों की जानकारी दी जाएगी।
यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं शहर की सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्धारित डायवर्जन मार्गों का पालन करें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *