दीवारों पर आकर्षक चित्रकारी और प्रेरक संदेशों के माध्यम से नागरिकों को किया जा रहा जागरूक
कटनी / स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं शहर को स्वच्छ, सुंदर और नागरिक-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से नगर निगम कटनी द्वारा व्यापक स्तर पर स्वच्छता जागरूकता एवं सौंदर्यीकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में नगर निगम द्वारा शहर के चिन्हित रेड स्पॉट, ब्लैक स्पॉट एवं यलो स्पॉट को समाप्त कर उन्हें आकर्षक एवं प्रेरणादायी स्थलों के रूप में विकसित करने के प्रयास किए गए हैं।
विगत दिवस जगमोहन दास वार्ड सहित विभिन्न क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थलों, मार्गों एवं दीवारों का सौंदर्यीकरण किया गया। नगर के प्रमुख चौराहों, डिवाइडरों, सार्वजनिक परिसरों एवं दीवारों पर रंग-रोगन के साथ स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं नागरिक जिम्मेदारी से जुड़े आकर्षक चित्र एवं संदेश अंकित किए जा रहे हैं, जिससे शहर की सुंदरता बढ़ाने के साथ-साथ आमजन में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक सोच विकसित हो सके।
स्वच्छ भारत मिशन के नोडल अधिकारी आदेश जैन ने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण के अंतर्गत केवल साफ-सफाई ही नहीं, बल्कि नागरिक सहभागिता एवं जनजागरूकता भी महत्वपूर्ण मापदंड हैं। इसी उद्देश्य से नगर निगम द्वारा ऐसे स्थलों को चिन्हित कर उनका कायाकल्प किया जा रहा है, जहां पूर्व में गंदगी एवं अव्यवस्था की स्थिति बनी रहती थी। अब इन स्थानों को स्वच्छता संदेशों एवं कलात्मक चित्रकारी के माध्यम से जन जागरूकता के केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।
नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियों की सतत समीक्षा की जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शहर के प्रमुख स्थलों पर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण आधारित रचनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जाए, ताकि नागरिकों में “मेरा शहर-मेरी जिम्मेदारी” की भावना सुदृढ़ हो सके।
नगर निगम प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सहयोग करें, कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें तथा स्वच्छ कटनी के संकल्प को जन आंदोलन बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
