इमलिया–ताला मानपुर मार्ग पर इरमसनिया मोड़ के पास हुआ भीषण सड़क हादसा
बरही / इमलिया से ताला मानपुर मार्ग पर सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में दो बाइक सवार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हैदर खान (40 वर्ष) निवासी मानपुर तथा अनिल रिक (पिता पहलू रिक) अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 54 एमडी 9793 से काम के सिलसिले में ताला की ओर जा रहे थे। इसी दौरान इरमसनिया मोड़ के पास तेज रफ्तार कार क्रमांक एमपी 54 सीए 2095 ने सामने से आकर बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि हैदर खान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अनिल रिक को तत्काल ताला पुलिस चौकी के वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानपुर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई तथा शोक एवं आक्रोश का माहौल बन गया।
पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन की तेज रफ्तार बताया जा रहा है।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
