कटनी। आयुध निर्माणी कटनी (यंत्र इंडिया लिमिटेड की इकाई, रक्षा मंत्रालय) के जन-संपर्क कार्यालय द्वारा आम जनता और फैक्ट्री कर्मचारियों के लिए एक महत्वपूर्ण प्रेस सूचना जारी की गई है। एसीसी से आर्डिनेंस फैक्ट्री कटनी होकर कटनी साउथ स्टेशन की ओर जाने वाला मुख्य सड़क मार्ग अब आगामी 10 जुलाई 2026 तक पूरी तरह से बंद रहेगा।
क्यों बढ़ाई गई बंद रहने की अवधि?
प्रेस सूचना के अनुसार, इस मार्ग पर आरसीसी (RCC) सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। यह मार्ग पूर्व में 01 जून से 30 जून 2026 तक आवागमन के लिए अस्थायी रूप से बंद किया गया था। चूंकि सड़क अभी भी निर्माणाधीन है और सड़क की दूसरी तरफ का आंशिक निर्माण कार्य शेष है, इसलिए सुरक्षा मानकों के अनुपालन और भविष्य में बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के मद्देनजर बंद रहने की इस अवधि को 10 जुलाई 2026 तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
वैकल्पिक मार्ग का करें उपयोग
इस अवधि के दौरान एसीसी की तरफ जाने वाली मुख्य सड़क और उसका अस्थायी वैकल्पिक मार्ग आवाजाही के लिए पूरी तरह से बंद और बाधित रहेगा।
आयुध निर्माणी के कार्य प्रबंधक (प्रशासन) एवं पीआरओ राजेश पांडे ने निर्माणी कर्मचारियों तथा आम जनता से अपील की है कि वे आयुध निर्माणी क्षेत्र और कटनी साउथ स्टेशन आने-जाने तथा अपने वाहनों के लिए ‘लखेरा’ मार्ग का उपयोग वैकल्पिक रास्ते के तौर पर कर सकते हैं।
प्रशासन ने कहा है कि निर्माण कार्य पूर्ण होते ही इस मुख्य मार्ग को दोबारा आम जनता के आवागमन हेतु खोल दिया जाएगा। प्रशासन ने इस दौरान होने वाली असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए लोगों से अपेक्षित सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील की है।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
