शराब दुकान में कट्टा लहराने वाले बदमाश गिरफ्तार, दहशत फैलाने वाले 3 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मुख्य आरोपी से कट्टा और कारतूस बरामद
कटनी। शहर के व्यस्त स्टेशन चौराहा स्थित शराब दुकान में सरेराह कट्टा दिखाकर कर्मचारी को धमकाने और सनसनी फैलाने के मामले में कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित तीन बदमाशों को दबोच लिया है। इस दुस्साहसिक वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद से शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म था।

गांधीगंज और रंगनाथ क्षेत्र के हैं आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो और पुख्ता साक्ष्यों के आधार पर तफ्तीश करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी गोलू सक्सेना (पिता विजय सक्सेना, निवासी गांधीगंज) को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही वारदात में शामिल उसके दो अन्य साथियों जानू उर्फ महेंद्र (पिता छोटेलाल चौहान) और अंशुल भारती (पिता राजेश भारती), दोनों निवासी रंगनाथ नगर, को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

हथियार बरामद, पुराना विवाद आया सामने
पुलिस की तलाशी के दौरान मुख्य आरोपी गोलू सक्सेना के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। वहीं, उसके साथी जानू और अंशुल के पास से धारदार चाकू जब्त किए गए हैं। शुरुआती पूछताछ में यह बात सामने आई है कि शराब दुकान के कर्मचारी और मुख्य आरोपी के बीच कोई पुराना विवाद चल रहा था, जिसके चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।

जांच के घेरे में ‘क्राइम प्लानिंग’
कोतवाली पुलिस अब इस बिंदु पर बारीकी से जांच कर रही है कि यह मामला सिर्फ डराने-धमकाने का था या इसके पीछे कोई बड़ी पूर्व नियोजित साजिश (प्लानिंग) थी। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *