विश्व पर्यावरण दिवस पर कटनी, विजयराघवगढ़, ढीमरखेड़ा सहित सभी जनपद पंचायतों की ग्राम पंचायतों में हुए ग्राम सभाओं और पौधारोपण के आयोजन

जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने पौधे लगाकर धरा को हरा भरा रखने की करी अपील, ग्राम सभाओं में भी हुई चर्चा
कटनी /विश्व पर्यावरण दिवस पर जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर के निर्देश पर जिले की समस्त जनपद पंचायतों की ग्राम पंचायतों में पौधारोपण और ग्राम सभाओं के आयोजन के कार्यक्रम जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, गणमान्य नागरिकों, प्रबुद्ध जनों, प्रशासनिक अधिकारियों- कर्मचारियों की उत्साह जनक भागीदारी के बीच आयोजित हुए। पौधारोपण के जनपद स्तरीय कार्यक्रम जनपद पंचायत कटनी की ग्राम पंचायत चाका के ग्राम लमतरा, विजयराघवगढ़ की ग्राम पंचायत टीकर, ढीमरखेड़ा की ग्राम पंचायत सिमरिया और बड़वारा की ग्राम पंचायत पठरा में आयोजित हुए। जहां विभिन्न प्रजातियों के छायादार एवं फलदार पौधे रोप कर जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने पर्यावरण संरक्षण की मुहिम में शामिल होकर धरा को हरा भरा रखने की अपील की। उन्होंने आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित रखने हेतु हर व्यक्ति को एक-एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल और सुरक्षा करने समाज में एक दूसरे के लिए प्रेरणा स्रोत बनने की आवश्यकता जताई। विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित ग्राम सभाओं में स्थानीय जनप्रतिनिधियों,महिलाओं, नागरिकों ने उत्साहित होकर अपने गांव को हरा भरा रखने के लिए कंधे से कंधा मिलाकर पेड़ पौधों को लगाने और सुरक्षित रखने का संकल्प लिया। इस दौरान पंचायत एवं ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास सहित निर्धारित एजेंडा के विषयों पर ग्राम सभाओं में चर्चा हुई। आयोजित कार्यक्रमों में जनपद पंचायतों के जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष , जिला पंचायत एवं जनपद सदस्यों, मुख्य कार्यपालन अधिकारी कटनी में प्रदीप सिंह, विजयराघवगढ़ में ब्रतेश जैन, ढीमरखेड़ा में यजुवेंद्र कोरी, बड़वारा में प्रभा तेकाम सहित सरपंच, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, उपयंत्रियों एवं अन्य अधिकारियों कर्मचारियों आदि की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *