जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल अंतर्गत रीवा से चारलापल्ली (हैदराबाद) के बीच नई नियमित सुपरफास्ट ट्रेन सेवा शुरू करने की घोषणा की गई है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा स्वीकृत इस ट्रेन से मध्य प्रदेश के रीवा, सतना, कटनी मुड़वारा, दमोह और सागर सहित कई शहरों को सीधा लाभ मिलेगा।
नई ट्रेन संख्या 20158/20157 रीवा–सागर–नागपुर–चारलापल्ली (हैदराबाद) के बीच संचालित होगी। इससे सागर क्षेत्र के साथ-साथ कटनी मुड़वारा के यात्रियों को भी दक्षिण भारत तक बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध होगा।
सांसद लता वानखेड़े ने जताया आभार
सांसद लता वानखेड़े ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया। डॉट कॉम से बातचीत में उन्होंने कहा कि लंबे समय से सागर को नागपुर और हैदराबाद जैसे प्रमुख शहरों से सीधे रेल मार्ग से जोड़ने की मांग की जा रही थी, जिसे अब स्वीकृति मिल गई है।
नागपुर और हैदराबाद तक यात्रा होगी आसान
नई ट्रेन शुरू होने से सागर, दमोह, कटनी मुड़वारा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को नागपुर एवं हैदराबाद तक सीधी रेल सुविधा मिलेगी। इससे यात्रियों का समय बचेगा और आवागमन अधिक सुविधाजनक होगा।
शिक्षा, रोजगार और इलाज के लिए मिलेगा लाभ
सांसद लता वानखेड़े के अनुसार ट्रेन के प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा युवाओं, व्यापारियों और मरीजों को विशेष लाभ मिलेगा। हैदराबाद देश का प्रमुख आईटी और शिक्षा केंद्र है, जबकि नागपुर और हैदराबाद दोनों ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए जाने जाते हैं। बड़ी संख्या में लोग इलाज, रोजगार और उच्च शिक्षा के लिए इन शहरों की यात्रा करते हैं।
नई रेल सेवा को क्षेत्रीय विकास और दक्षिण भारत से बेहतर संपर्क की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
