कटनी पुलिस की अनूठी पहल: ‘आपका सारथी कौन’ अभियान के तहत ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को मिले QR कोड और बैच*

कटनी।शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और भरोसेमंद बनाने के लिए कटनी पुलिस द्वारा एक अभिनव पहल की गई है। पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. श्री संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन में यातायात थाना कटनी द्वारा ‘आपका सारथी कौन’ अभियान के तहत विशेष कदम उठाए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में आज यातायात थाना परिसर में थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर के नेतृत्व में एक विशेष जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान शहर के 100 से अधिक ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों को विशेष QR कोड और चालक बैच वितरित किए गए।
यात्रियों, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा होगी मजबूत
यातायात पुलिस के अनुसार, यह QR कोड व्यवस्था यात्रियों की सुरक्षा और पारदर्शिता के लिहाज से मील का पत्थर साबित होगी। कोई भी यात्री वाहन में बैठते समय इस QR कोड को स्कैन करके संबंधित चालक और वाहन के बारे में पूरी जानकारी प्राप्त कर सकेगा। इससे यात्रियों, विशेषकर महिला यात्रियों और मातृशक्ति में सुरक्षा और विश्वास की भावना और अधिक सुदृढ़ होगी।
नियमों का उल्लंघन करने पर होगी सख्त कार्रवाई
कार्यक्रम के दौरान यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर, सुबेदार सोनम उइके एवं यातायात स्टाफ ने चालकों को सड़क सुरक्षा और जिम्मेदार ड्राइविंग की शपथ दिलाई। चालकों को सख्त लहजे में हिदायत दी गई है कि वे अपने वाहनों के समस्त वैध दस्तावेज (जैसे- ड्राइविंग लाइसेंस, फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा और परमिट) हमेशा पूर्ण रखें।
यातायात पुलिस द्वारा चालकों को दिए गए मुख्य निर्देश:
निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां (ओवरलोडिंग) कतई न बैठाएं।
शराब या किसी भी प्रकार के नशे की हालत में वाहन न चलाएं।
वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
किसी भी मोड़, व्यस्त चौराहे या सड़क के बीच में अचानक वाहन रोककर सवारी न उतारें।
* यात्रियों के साथ हमेशा शालीन, विनम्र और सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखें।
हमारा उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं: थाना प्रभारी
इस अवसर पर थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर ने कहा, “ऑटो एवं ई-रिक्शा चालक शहर की यातायात व्यवस्था की एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। हमारा उद्देश्य केवल वैधानिक या चालानी कार्रवाई करना नहीं, बल्कि हर नागरिक को सुरक्षित यात्रा का भरोसा दिलाना है। अगर सभी चालक नियमों का पालन करेंगे, तो दुर्घटनाओं में कमी आएगी और शहर की यातायात व्यवस्था सुगम बनेगी।”
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कटनी को एक आदर्श यातायात व्यवस्था वाला शहर बनाने के लिए इस तरह के जनजागरूकता और चेकिंग अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *