ईद पर्व के अवसर पर नगरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन द्वारा शहर के विभिन्न प्रमुख स्थलों, मस्जिदों, ईदगाहों एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाकर स्वच्छता एवं जनसेवा का सकारात्मक संदेश दिया गया ।
स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी ने बताया कि निगम प्रशासन द्वारा पर्व के मद्देनजर विशेष सफाई अमले की तैनाती कर व्यापक स्तर पर सफाई, कचरा संग्रहण एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का कार्य सतत रूप से कराया गया।
नगर निगम की टीमों द्वारा मिशन चौक नगीना मस्जिद, अहमद नगर मस्जिद, आदर्श कॉलोनी ईदगाह,
अमीरगंज मस्जिद, रोशन नगर बड़ी मस्जिद, एक मिनारा मस्जिद, वार्ड क्रमांक 13 स्थित मस्जिद, वार्ड क्रमांक 35 स्थित मदरसा, वार्ड क्रमांक 29 गोसिया मस्जिद, खिरहनी दुर्गा चौक मस्जिद, सहित नगर की अन्य मस्जिदों, ईदगाह, कब्रिस्तान एवं अन्य स्थलों में विशेष साफ सफाई अभियान चलाते हुए झाड़ू सफाई, कचरा उठाव, चूने की लाइनिंग, सुगम जल निकासी, आवारा मवेशियों पर नियंत्रण एवं स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता से पूर्ण किया गया। इसके साथ ही नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने हेतु विभिन्न स्थानों पर नियमित मॉनिटरिंग भी की गई।
निगम प्रशासन द्वारा यह प्रयास किया गया कि पर्व के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े तथा शहर में स्वच्छता एवं सौहार्द का सकारात्मक संदेश प्रसारित हो। निगम प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की गई वे सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें एवं स्वच्छ शहर निर्माण में सहभागी बनें।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
