अवैध खनन, ड्रग्स और अपराध पर प्रशासनिक शिकंजा कसने की तैयारी
भोपाल में आयोजित कलेक्टर-एसपी कॉन्फ्रेंस में मुख्य सचिव अनुराग जैन ने कानून व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को अपराध और अवैध गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध खनन, ड्रग्स कारोबार और संगठित अपराध में शामिल लोगों में पुलिस-प्रशासन का भय दिखाई देना चाहिए।
मुख्य सचिव ने पुराने खनन प्रकरणों की समीक्षा कर दोषियों पर कार्रवाई तेज करने, अवैध परिवहन में लगे वाहनों की जब्ती और नीलामी की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही जनसुनवाई, सीएम हेल्पलाइन और पेयजल शिकायतों का समय सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में ड्रग फ्री जोन बनाने, पॉक्सो एक्ट मामलों में तेजी से कार्रवाई, किसानों को खाद-बीज वितरण और औद्योगिक निवेश बढ़ाने जैसे मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
