ट्विशा शर्मा मौत मामला सीबीआई को सौंपने की मंजूरी हाईकोर्ट ने दोबारा पोस्टमॉर्टम के दिए आदेश, आरोपी पति करेगा सरेंडर

भोपाल। चर्चित ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मध्यप्रदेश शासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपने की मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतका के पिता नवनिधि शर्मा और उनके साथ पहुंचे सेवानिवृत्त सैनिकों से मुलाकात के दौरान निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया।
इधर मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने मामले में अहम आदेश जारी करते हुए ट्विशा के शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने के निर्देश दिए हैं। अदालत के मुताबिक दूसरा पोस्टमॉर्टम अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के डायरेक्टर के नेतृत्व में गठित विशेषज्ञ टीम द्वारा भोपाल एम्स में किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। कोर्ट ने पुलिस को शव सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी भी सौंपी है।
मृतका के पिता नवनिधि शर्मा ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शव को सुरक्षित रखने के नाम पर अनावश्यक भय का माहौल बनाया गया। उनका आरोप है कि एफआईआर दर्ज करने की शर्त पर उनसे जबरन शव सुपुर्दगी के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाए गए। परिजनों का यह भी कहना है कि अब तक क्राइम सीन को सील नहीं किया गया, जिससे सबूत प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।
दूसरी ओर मामले के मुख्य आरोपी और मृतका के पति समर्थ सिंह ने हाईकोर्ट से अपनी अग्रिम जमानत याचिका वापस ले ली है। उनके वकील ने अदालत को बताया कि समर्थ जल्द ही भोपाल जिला अदालत में आत्मसमर्पण करेगा। परिजनों का आरोप है कि समर्थ सिंह वर्ष 2023 से 2025 तक मध्यप्रदेश सरकार में विधिक सलाहकार रह चुका है और इसी प्रभाव का उपयोग जांच प्रभावित करने में किया जा रहा था।
मामले में मृतका की सास और सेवानिवृत्त जज गिरिबाला सिंह की जमानत निरस्त करने संबंधी याचिका पर आगामी सोमवार को सुनवाई होगी। सभी पक्षों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं।
वहीं संजय कुमार ने कहा है कि पुलिस हर पहलू से निष्पक्ष जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर संपत्ति कुर्की की कार्रवाई भी की जाएगी। दूसरी तरफ बचाव पक्ष के वकील ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि दोनों परिवारों के बीच संबंध सामान्य थे और वैवाहिक जीवन में मामूली मतभेद होना सामान्य बात है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *