कटनी जिले के शहरी और ग्रामीण इलाकों में इन दिनों आपसी रंजिश और मामूली विवादों के बाद मारपीट की घटनाओं में अचानक तेजी आई है। पिछले 24 घंटों के भीतर जिले के एन.के.जे, बहोरीबंद, रीठी, माधवनगर, स्लीमनाबाद, बाकल और बरही थाना क्षेत्रों से सरेराह गुंडागर्दी और मारपीट के मामले सामने आए हैं। कहीं दबंगों ने घर के आंगन और भीतर घुसकर महिलाओं के साथ बदसलूकी और मारपीट की, तो कहीं सरेबाजार दुकानदारों को निशाना बनाया गया। इन सभी मामलों में एक बात सामान्य रही—आरोपियों ने एकराय होकर मां-बहन की गंदी-गंदी गालियां दीं, जमकर मारपीट की और जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दी।
1. एन.के.जे: महिला के घर के बाहर दबंगों का उत्पात, मारपीट कर तोड़ा मोबाइल
एन.के.जे. थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 17, गटागट फैक्टरी के पास एक महिला के साथ सरेराह मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। पीड़िता दीपा मिश्रा (40 वर्ष), पति स्व. अजय मिश्रा ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि 19 मई की रात करीब 11:30 बजे आरोपी राजन विश्वकर्मा और सोनू विश्वकर्मा उनके घर के बाहर आए। आरोपियों ने पुरानी बात को लेकर एकराय होकर मां-बहन की गंदी-गंदी गालियां देना शुरू कर दिया। जब पीड़िता ने विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ जमकर मारपीट की। इस दौरान आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए पीड़िता का मोबाइल फोन भी जमीन पर पटककर तोड़ दिया, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296 बी, 115(2), 351(2), 324(4), 3(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर लिया है।
2. बहोरीबंद: रामपाटन में घर के अंदर घुसे 5 हमलावर, महिला को पीटा
बहोरीबंद थाना अंतर्गत ग्राम रामपाटन में दबंगों द्वारा घर में घुसकर मारपीट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, ग्राम रामपाटन निवासी
गीता बाई लोधी (45 वर्ष), पति कमलेश पटेल 20 मई की सुबह करीब 9:00 बजे अपने घर पर थीं। इसी दौरान रामनगर निवासी पुष्पेंद्र यादव, सचिन पटेल, पुष्पेंद्र बर्मन और सिजहरी मोहनिया निवासी साहिल विश्वकर्मा व राहुल यादव एकराय होकर उनके घर में जबरन घुस आए। आरोपियों ने घर के अंदर ही गीता बाई के साथ गाली-गलौज करते हुए लात-घूसों से मारपीट शुरू कर दी। शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। बहोरीबंद पुलिस ने पांचों नामजद आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 115(2), 333, 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है।
3. रीठी: तिघराकला में खूनी संघर्ष, लाठी-डंडों से हमले में दो महिलाओं सहित तीन घायल
रीठी थाना क्षेत्र के ग्राम तिघराकला में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। फरियादी सूरज लोधी (20 वर्ष) पिता रामजी लोधी ने पुलिस को बताया कि 20 मई की सुबह करीब 10:30 बजे वह अपने घर के सामने खड़ा था, तभी गांव की दुर्गा बाई लोधी और मिथलेश बाई लोधी वहां आईं और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद करने लगीं। आरोपियों ने एकराय होकर सूरज पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आईं गेंदा बाई और सपना बाई को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा और उनके साथ भी जमकर मारपीट की। हमले में तीनों को चोटें आई हैं। रीठी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296 (बी), 115 (2), 351 (3), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर घायलों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा है।
4. माधवनगर: मझौली में विजय चौधरी को घेरकर पीटा, जान से मारने की धमकी
माधवनगर थाना क्षेत्र के ग्राम मझौली में एक युवक पर गांव के ही दो युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। प्रार्थी विजय चौधरी (40 वर्ष) पिता अच्छेलाल चौधरी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 20 मई की रात करीब 8:30 बजे वह मझौली में भजू कोल के घर के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान गांव के बिट्टू और दुर्गेश कोल ने उसे रास्ते में रोक लिया। आरोपियों ने एकमत होकर पुरानी रंजिश पर से मां-बहन की गंदी-गंदी गालियां दीं और मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने विजय को धमकी दी कि अगर दोबारा सामने आया तो जान से मार देंगे। पुलिस ने धारा 296बी, 115(2), 351(3), 3(5) बी.एन.एस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
5. स्लीमनाबाद: प्रार्थी के घर के सामने फर्नीचर वाले ने की मारपीट
स्लीमनाबाद कस्बे में मस्जिद के पास रहने वाले एक युवक के साथ घर के सामने ही मारपीट की गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आशीष विश्वकर्मा (35 वर्ष) पिता स्व. राजेश विश्वकर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 19 मई की रात करीब 8:00 बजे वह अपने घर के सामने खड़ा था। तभी कस्बे का ही फर्नीचर व्यवसायी नन्दू हल्दकार वहां आया और पुरानी किसी बात को लेकर विवाद करने लगा। विवाद बढ़ने पर नन्दू हल्दकार ने आशीष के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 296 बी, 115(2), 351(3) बी एन एस के तहत केस दर्ज किया है।
6. बहोरीबंद: पथराडी पिपरिया में किराना दुकान के पास युवक पर हमला, दमोह का आरोपी भी शामिल
बहोरीबंद थाना क्षेत्र के ग्राम पथराडी पिपरिया में किराना दुकान के सामने एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी गई। दीपचंद चौधरी (25 वर्ष) पिता बुद्धु चौधरी ने शिकायत दर्ज कराई कि 20 मई की रात करीब 8:00 बजे वह नीलू चौधरी की किराना दुकान के पास खड़ा था। इसी दौरान गांव का राजेंद्र चौधरी और सिंगौडी (जिला दमोह) निवासी गुड्डू चौधरी वहां पहुंचे और प्रार्थी को देखकर गाली-गलौज करने लगे। मना करने पर दोनों आरोपियों ने दीपचंद पर हमला कर दिया और मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर दमोह के आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
7. बाकल: सिहुडी में घर के आंगन में घुसकर भाई-बहन को पीटा
बाकल थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सिहुडी में घर के आंगन में घुसकर मारपीट करने का मामला प्रकाश में आया है। फरियादी संदीप पटेल (24 वर्ष) पिता विजय पटेल ने पुलिस को बताया कि 20 मई की सुबह करीब 11:00 बजे वह अपने घर के सामने आंगन में काम कर रहा था। तभी गांव का गौरीशंकर पटेल (50 वर्ष) पिता अमका पटेल वहां आया और बिना किसी कारण के गंदी-गंदी गालियां देने लगा। जब संदीप और उसकी बहन गीता बाई पटेल (40 वर्ष) ने उसे गाली देने से मना किया, तो आरोपी ने दोनों भाई-बहन के साथ मारपीट शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। बाकल पुलिस ने धारा 296ए, 115(2), 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है।
8. बरही: पिपरिया कला में दुकानदार से सरेराह गाली-गलौज और मारपीट
बरही थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरिया कला में एक दुकानदार के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। पीड़ित शंकरलाल गुप्ता (53 वर्ष) पिता लक्ष्मण लाल गुप्ता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि 19 मई की रात करीब 8:30 बजे वह अपनी दुकान पर थे। तभी गांव का ही प्रदीप पटेल (53 वर्ष) पिता सुखीराम पटेल दुकान के सामने आया और बिना किसी बात के मां-बहन की गंदी-गंदी गालियां देने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने दुकानदार के साथ मारपीट की और दोबारा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। बरही पुलिस ने धारा 296 ए, 115 (2), 351 (2) बी एन एस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
