बंडा जहरीली शराब कांड मौतों का आंकड़ा 28 पहुंचा, कलेक्टर व एसपी पर गिर सकती है गाज

​मुख्यमंत्री के लौटते ही मंत्रालय में हलचल तेज,
अफसरों पर कार्रवाई की फाइल तैयार
आबकारी विभाग ने किए दो तबादले
​भोपाल/मध्य प्रदेश के सागर जिले अंतर्गत बंडा में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को उपचार के दौरान 3 और पीड़ितों के दम तोड़ने के बाद कुल मृतकों की संख्या बढ़कर 28 तक पहुंच गई है। वर्तमान में 50 से अधिक प्रभावितों का अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि 15 मरीजों को स्थिति में सुधार के उपरांत छुट्टी दी गई है।
​दूसरी ओर, इस गंभीर मामले को लेकर शासन स्तर पर प्रशासनिक कार्रवाई की तैयारी पूरी कर ली गई है। दुबई के चार दिवसीय दौरे से नई दिल्ली लौटे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दोपहर बाद भोपाल पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री की आमद से पूर्व ही मंत्रालय में संबंधित अधिकारियों पर दंडात्मक कार्रवाई की पत्रावली प्रस्तुत कर दी गई है। सूत्रों के अनुसार, देर शाम आयोजित होने वाली समीक्षा बैठक में सागर कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक (एसपी) को हटाए जाने पर मुहर लग सकती है।
​सातों दुकानें पुनः खोलने के आदेश, दो संदिग्ध ब्रांड प्रतिबंधित
त्रासदी के उपरांत उपजे जनाक्रोश के बीच प्रशासन ने उन सभी सात मदिरा दुकानों को पुनः संचालित करने की अनुमति प्रदान कर दी है, जहां से कथित तौर पर संदिग्ध खेप की आपूर्ति हुई थी। हालांकि, प्रशासनिक निर्देश के तहत मौतों के लिए प्राथमिक रूप से जिम्मेदार माने गए ‘बॉम्बे व्हिस्की’ व ‘गोल्ड ब्रांड’ की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध प्रभावी रहेगा।
​आबकारी अमले में फेरबदल
इधर, आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना ने प्रशासनिक व्यवस्था के तहत दो अधिकारियों की नवीन पदस्थापना आदेश जारी किए हैं। जारी आदेशानुसार, रामकुमार सूत्रकार (सहायक आबकारी अधिकारी, सागर) को प्रभारी अधिकारी, विदेशी मदिरा भंडार, सागर तथा मंजूषा सोनी को सहायक जिला आबकारी अधिकारी कार्यालय उड़नदस्ता, सागर के पद पर पदस्थ किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *