BRC कार्यालय को वर्तमान स्थान से स्थानांतरित न करने की मांग, शासकीय शिक्षक संगठन ने नगर निगम अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन

कटनी। ब्लॉक संसाधन केंद्र (BRC) कटनी के कार्यालय को वर्तमान स्थान (चांडक चौक, चंडीबाई स्कूल के पीछे) से अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने के प्रस्ताव का शासकीय शिक्षक संगठन मध्य प्रदेश ने कड़ा विरोध जताया है। संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष राकेश दुबे के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर पालिक निगम कटनी के अध्यक्ष मनीष पाठक को ज्ञापन सौंपकर BRC कार्यालय को यथावत उसी स्थान पर संचालित रखने का अनुरोध किया है।
वर्तमान स्थान हर दृष्टि से उपयुक्त और सुविधाजनक
संगठन द्वारा सौंपे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि BRC कार्यालय विगत 10 वर्षों से चांडक चौक स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय (डिग्री) के परिसर में सुचारू रूप से संचालित हो रहा है। शहर के मध्य में स्थित होने के कारण यह स्थान शिक्षकों, परीक्षार्थियों, दिव्यांगजनों और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले शिक्षकों के लिए अत्यंत सुलभ एवं सुरक्षित है। यहाँ पर्याप्त पार्किंग, बैठक कक्ष, BRC Hall और ICT Lab जैसी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हैं।

स्थानांतरण से होगा वित्तीय नुकसान और असुविधा
ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि वर्तमान भवन में हाल ही में वित्तीय बजट से 2.50 लाख रुपये की लागत से ICT Lab तैयार की गई है। यदि कार्यालय को यहाँ से हटाया जाता है, तो इन सर्वसुविधायुक्त संसाधनों, BRC हॉल और ICT Lab का प्रभावी उपयोग बाधित होगा, जिससे शासकीय धन और संसाधनों का अपव्यय होगा। इसके अलावा, किसी दूरस्थ या असुविधाजनक स्थान पर कार्यालय जाने से शिक्षकों व विभागीय कर्मचारियों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।

यथावत रखने की उठाई मांग
शिक्षक संगठन ने जनहित, शिक्षक हित और प्रशासनिक सुगमता को ध्यान में रखते हुए BRC कार्यालय को वर्तमान स्थल पर ही यथावत बनाए रखने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *