भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस में नए प्रवक्ताओं और मीडिया टीम के गठन के लिए शुरू किया गया टैलेंट हंट अब लंबी प्रतीक्षा का विषय बन गया है। आवेदन आमंत्रित करने से लेकर संभाग और प्रदेश स्तर पर साक्षात्कार की पूरी प्रक्रिया समाप्त हुए तीन महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक नए प्रवक्ताओं की सूची जारी नहीं हो सकी है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार अंतिम सूची दिल्ली से मंजूरी मिलने का इंतजार कर रही है। इस देरी का असर उन नेताओं और युवाओं पर पड़ रहा है, जिन्होंने कांग्रेस के मीडिया विभाग में जिम्मेदारी पाने के लिए आवेदन किया था।
कांग्रेस ने नए और सक्रिय चेहरों को आगे लाने के उद्देश्य से यह प्रक्रिया शुरू की थी। आवेदन, छंटनी और साक्षात्कार की सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बावजूद चयनित नामों की आधिकारिक घोषणा नहीं हो पाई है। इससे आवेदकों में उत्सुकता के साथ-साथ असमंजस की स्थिति भी बनी हुई है।
पार्टी के भीतर माना जा रहा है कि सूची को अंतिम मंजूरी मिलते ही नए प्रवक्ताओं और मीडिया टीम की घोषणा की जाएगी, जिसके बाद संगठन की मीडिया गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
