ग्रीन कटनी” अभियान: केवल पौधे लगाना नहीं, उन्हें वृक्ष बनाना है मुख्य लक्ष्य – निगमायुक्त

​वर्षा ऋतु में वन विभाग और नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में होगा व्यापक पौधारोपण
​सुश्री तपस्या परिहार ने नागरिकों से की ‘एक पौधा, एक संकल्प’ लेने की अपील
​कटनी/ पर्यावरणीय संतुलन को मजबूत करने और शहर को हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से नगर निगम कटनी द्वारा इस मानसून में “ग्रीन कटनी” अभियान की शुरुआत की जा रही है। अभियान की तैयारियों का जायजा लेते हुए नगर पालिक निगम की आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने कहा कि वर्षा ऋतु पौधारोपण के लिए सबसे अनुकूल समय है। निगम का उद्देश्य केवल रस्म अदायगी के लिए पौधे रोपित करना नहीं, बल्कि उनके संरक्षण एवं नियमित देखरेख के माध्यम से उन्हें विशाल वृक्ष के रूप में विकसित करना है।
​निगमायुक्त ने बताया कि इसी दूरगामी दृष्टि से शहर में ऐसे स्थलों का चयन किया गया है, जहाँ सिंचाई एवं सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। इस महाअभियान के अंतर्गत नीम, पीपल, बरगद, शीशम सहित विभिन्न छायादार, औषधीय, फलदार एवं फूलदार प्रजातियों के हजारों पौधे लगाए जाएंगे।
​वन विभाग और निगम का साझा प्रयास
​इस बार पर्यावरण संरक्षण के इस बड़े लक्ष्य को हासिल करने के लिए वन विभाग और नगर निगम संयुक्त रूप से विशेष प्रयास कर रहे हैं। मानसून अवधि के दौरान व्यापक स्तर पर पौधारोपण कर शहर को हरित और पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध बनाया जाएगा, जिससे “ग्रीन कटनी” का सपना प्रभावी रूप से साकार हो सके।
​जनभागीदारी बनेगी अभियान की सबसे बड़ी ताकत
​सुश्री परिहार ने नगरवासियों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की भावुक अपील की है। उन्होंने कहा:
​”प्रत्येक नागरिक यदि अपने घर, मोहल्ले अथवा वार्ड में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल का संकल्प ले, तो कटनी शीघ्र ही अधिक हरित, स्वच्छ और स्वस्थ शहर के रूप में अपनी नई पहचान स्थापित करेगा। हर पौधा हमारी आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की नींव है। पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।”
​अधिकारियों ने किया स्थलों का निरीक्षण
​अभियान की जमीनी हकीकत और व्यवस्थाओं को परखने के लिए निगमायुक्त एवं प्रशासनिक टीम द्वारा विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान वन विभाग के एस.डी.ओ. सुरेश बरोले, नगर निगम के सहायक यंत्री आदेश जैन, उपयंत्री जे.पी. बघेल, उद्यान पर्यवेक्षक अभिषेक अरजरिया सहित दोनों विभागों के अन्य जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *