अवैध रूप से शराब पिलाने वालों पर आबकारी विभाग की कार्रवाई, पांच प्रकरण दर्ज

कटनी,जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय, परिवहन एवं अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने मदिरा दुकानों के आसपास अवैध रूप से शराब सेवन कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पांच प्रकरण दर्ज किए हैं।
कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर आबकारी कंट्रोल रूम प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी मंशाराम उइके के नेतृत्व में टीम ने बरगवां, झर्रा टिकुरिया एवं पुरैनी स्थित मदिरा दुकानों के आसपास संचालित अंडे के ठेलों और अन्य दुकानों की जांच की। विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि इन स्थानों पर अवैध रूप से लोगों को शराब पिलाई जा रही है।
जांच के दौरान शिकायतें सही पाई गईं। टीम ने संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 36(ए) के तहत कार्रवाई करते हुए कुल पांच प्रकरण दर्ज किए।
कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी सूर्यभान कोरी, प्रवीण रतन वरकड़े तथा आबकारी आरक्षक राम सिंह, अनुराग शर्मा, किशन लाल, चंद्र प्रकाश त्रिपाठी एवं बीना की सक्रिय भूमिका रही। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मदिरा एवं उससे जुड़ी गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

जन अभियान परिषद ने स्थापना दिवस पर शुरू की जन-जागरूकता मुहिम
कटनी मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के स्थापना दिवस के अवसर पर विकासखंड बहोरीबंद में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और नशामुक्ति जैसे सामाजिक अभियानों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में 4 जुलाई से 12 अगस्त 2026 तक चलने वाले “एक पेड़ माँ के नाम”, स्वच्छता अभियान एवं नशामुक्ति अभियान को व्यापक स्तर पर सफल बनाने का आह्वान किया गया।
इस दौरान छात्र-छात्राओं ने “एक पेड़ माँ के नाम”, नशामुक्ति और स्वच्छता की शपथ लेते हुए अपने-अपने गांवों में लोगों को जागरूक करने तथा पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में ब्लॉक समन्वयक अरविंद शाह, नवांकुर संस्था के धनीराम पटेल, परामर्शदाता रामसिंह पटेल, विनोद सिंह, उमा अवस्थी, शिक्षक संदीप दाहिया, अखिलेश झारिया सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे

.कटनी जिले में अब तक 111.1 मिमी वर्षा, पिछले वर्ष से 47.3 प्रतिशत कम बारिश
कटनी, / जिले में इस वर्ष मानसून की रफ्तार अब तक पिछले वर्ष की तुलना में धीमी रही है। एक जून से चार जुलाई तक जिले में औसतन 111.1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में हुई 210.7 मिलीमीटर वर्षा की तुलना में 47.3 प्रतिशत कम है।
अधीक्षक भू-अभिलेख मुन्नालाल तिवारी ने बताया कि जिले में इस अवधि के दौरान सबसे अधिक 182.4 मिलीमीटर वर्षा स्लीमनाबाद तहसील में दर्ज की गई। इसके अलावा रीठी में 180.5 मिमी, कटनी में 136.2 मिमी, बहोरीबंद में 129.2 मिमी, बरही में 97.8 मिमी, विजयराघवगढ़ में 90.4 मिमी, ढीमरखेड़ा में 48.5 मिमी तथा बड़वारा में सबसे कम 23.0 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई।
पिछले वर्ष इसी अवधि में जिले में 210.7 मिलीमीटर औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई थी, जबकि स्लीमनाबाद तहसील में सर्वाधिक 326.2 मिलीमीटर वर्षा हुई थी। मौसम विभाग और प्रशासन ने आगामी दिनों में अच्छी बारिश की संभावना जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *