बिलहरी के हनुमान मंदिर से भगवान का चांदी का मुकुट चोरी, क्षेत्र में आक्रोश

कटनी। कुठला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बिलहरी में एक प्राचीन मंदिर को चोरों ने निशाना बनाया है। अज्ञात शातिर चोर ने हनुमान जी के सिर पर सुशोभित चांदी का मुकुट पार कर दिया। घटना के बाद से स्थानीय श्रद्धालुओं और चौरसिया समाज में भारी आक्रोश है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बिलहरी के चौरसिया मोहल्ला निवासी 72 वर्षीय बुजुर्ग विष्णु चौरसिया पिता टीकाराम चौरसिया ने कुठला थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि कोई अज्ञात चोर मंदिर के भीतर दाखिल हुआ और हनुमान जी के सिर पर रखा चांदी का पुराना मुकुट चोरी कर ले गया। चोरी गए मुकुट का वजन करीब 10 तोला बताया जा रहा है, जिसकी बाजारू कीमत लगभग 5,500 रुपये आंकी गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही कुठला पुलिस ने मौका मुआयना किया और अज्ञात चोर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(d) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस हुलिए और मुखबिरों के जरिए संदेहियों की तलाश कर रही है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि चोर को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर भगवान का मुकुट बरामद किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *