महाअभियान: स्वास्थ्य अमले की मुस्तैदी से लक्ष्य की ओर बढ़े कदम

​दूसरे दिन तक 1.65 लाख बच्चों को पिलाई पोलियो की दवा
सी एम एच ओ डॉ. ठाकुर के मार्गदर्शन में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सिंघई,स्टोर प्रभारी नितिन तपा ने संभाला मोर्चा
वैक्सीन रीफिलिंग और कोल्ड चेन का रखा विशेष ध्यान,आशा-आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने घर-घर दी दस्तक
​कटनी। जिले के नौनिहालों को पोलियो मुक्त रखने के लिए चलाया जा रहा पल्स पोलियो अभियान पूरी रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. राज सिंह ठाकुर के कुशल मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अभियान के मात्र दूसरे दिन तक जिले के 1 लाख 65 हजार (1,65,000) बच्चों को ‘दो बूंद जिंदगी की’ पिलाई जा चुकी है।
​समय पर हुई वैक्सीन रीफिलिंग:
इस महाअभियान को सफल बनाने में पर्दे के पीछे काम कर रहे कर्मचारियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण रही। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. समीर सिंघई की देखरेख में वैक्सीन की रीफिलिंग और उसके सुरक्षित परिवहन का काम युद्ध स्तर पर किया गया। प्रभारी वैक्सीन स्टोर नितिन तपा द्वारा यह सुनिश्चित किया गया कि मौसम के उतार-चढ़ाव के बावजूद वैक्सीन की गुणवत्ता प्रभावित न हो और सभी बूथों तक समय पर ठंडी व सुरक्षित वैक्सीन (कोल्ड चेन मेंटेन करते हुए) पहुँचती रहे।
​मैदानी मोर्चे पर डटी रहीं कार्यकर्ता:
अभियान के दूसरे दिन सुपरवाइज़र्स, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा कार्यकर्ताओं ने मैदानी मोर्चे पर कमान संभाली। टीम ने न केवल बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई, बल्कि छूटे हुए बच्चों को चिन्हित करने के लिए घर-घर दस्तक भी दी। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि टीम का लक्ष्य जिले के शत-प्रतिशत बच्चों तक पहुँचना है। अधिकारियों ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कोई भी बच्चा दवा पीने से छूट गया हो, तो उसे नजदीकी केंद्र पर ले जाकर दवा अवश्य पिलवाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *