कटनी। नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आज कटनी आर्ट्स एंड कॉमर्स कॉलेज (चड्डा ऑटोनॉमस कॉलेज) में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जय चड्डा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के स्टाफ एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लेते हुए हस्ताक्षर कर अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस दौरान उपस्थित लोगों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई तथा स्वस्थ, सकारात्मक और अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में जागरूकता बढ़ाना, समाज को नशे जैसी बुराई से मुक्त करना और राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। वक्ताओं ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार और समाज के विकास में भी गंभीर बाधा उत्पन्न करता है।
इस अवसर पर चड्डा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के डायरेक्टर देवाशीष चड्डा, उप-प्राचार्य डॉ. राजीव खत्री, डॉ. स्वाति छिरौलिया, शरद निरंकारी, डॉ. आर.एस. परिहार, डॉ. आराधना अग्रहरि, डॉ. गोपाल उपाध्याय, डॉ. शैलेन्द्र वर्मा, समीप श्रीवास्तव, प्रदीप श्रीवास्तव सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
