विश्व रक्तदाता दिवस पर मिला प्रेरणादायी संदेश: “जीते जी रक्तदान, किसी की जिंदगी का वरदान”

कटनी। 14 जून को विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर सामाजिक संस्था मिलन ब्लड डोनर ग्रुप कटनी द्वारा रक्तदान के प्रति जनजागरूकता का संदेश देते हुए लोगों से नियमित रक्तदान करने की अपील की गई। संस्था के सदस्यों ने कहा कि रक्तदान ऐसा महादान है, जो किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का माध्यम बनता है। एक यूनिट रक्त किसी गंभीर मरीज, दुर्घटना पीड़ित, थैलेसीमिया मरीज या ऑपरेशन के दौरान जरूरतमंद व्यक्ति की जान बचा सकता है।

संस्था के सदस्यों ने कहा कि “जीते जी जिंदगी में रक्तदान जरूर करें, क्योंकि आपके द्वारा किया गया एक छोटा सा प्रयास किसी परिवार की खुशियां लौटाने का कारण बन सकता है।” रक्तदान न केवल जरूरतमंदों के लिए जीवनदायी है, बल्कि इससे रक्तदाता के स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।

मिलन ब्लड डोनर ग्रुप कटनी वर्षों से जिले में जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने का कार्य कर रहा है। संस्था के सदस्य दिन-रात रक्त की आवश्यकता होने पर सक्रिय होकर मरीजों की सहायता करते हैं। यही कारण है कि आज यह समूह जिले में मानव सेवा और रक्तदान के क्षेत्र में एक विश्वसनीय नाम बन चुका है।

विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर संस्था ने उन रक्तवीरों का सम्मान किया जिन्होंने कई बार रक्तदान कर समाज के सामने अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। इनमें प्रशांत कुमटकर ने अब तक 46 बार रक्तदान कर जिले में एक प्रेरणादायी मिसाल कायम की है।

इसके अलावा सुधीर जैन (O+) ने 40 बार रक्तदान, सुधीर जैन (O+) ने अनेक जरूरतमंदों को जीवनदान देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वहीं उमेश विश्वकर्मा (O+), लखन सांवरिया (B+), दिग्विजय तिवारी (O-), आदित्य सोंधिया, नितेश अवस्थी (A+) सहित कई सक्रिय रक्तदाता लगातार मानव सेवा के इस अभियान से जुड़े हुए हैं। संस्था ने बताया कि आदित्य सोंधिया द्वारा अब तक 15 बार रक्तदान किया जा चुका है।

रक्तदाताओं ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए। इससे न केवल किसी की जान बचाई जा सकती है, बल्कि समाज में मानवता और सेवा की भावना भी मजबूत होती है।

विश्व रक्तदाता दिवस पर मिलन ब्लड डोनर ग्रुप कटनी ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए संकल्प लिया कि भविष्य में भी जरूरतमंद मरीजों तक समय पर रक्त पहुंचाने का अभियान निरंतर जारी रहेगा और अधिक से अधिक युवाओं को रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *