परोहा मार्केट में मकान में लगी आग पर समय रहते पाया काबू, जनहानि नहीं
कटनी, / नगर पालिक निगम कटनी के फायर अमले की त्वरित कार्रवाई और मुस्तैदी के चलते थाना एनकेजे क्षेत्र के परोहा मार्केट में एक मकान में लगी आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। दमकल कर्मियों की तत्परता से एक संभावित बड़ी अग्नि दुर्घटना टल गई और आसपास के भवनों को भी सुरक्षित बचा लिया गया।
सहायक फायर प्रभारी शैलेंद्र दुबे के अनुसार शुक्रवार तड़के लगभग 3:25 बजे परोहा मार्केट स्थित एक मकान में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही नगर निगम के दुर्गा चौक जोन एवं सिविल लाइन जोन से दो फायर ब्रिगेड वाहन तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किए गए।
मौके पर पहुंचकर फायर कर्मियों ने तेजी से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दोनों फायर यूनिटों के समन्वित प्रयासों से आग को जल्द ही नियंत्रित कर लिया गया, जिससे आग आसपास के भवनों तक नहीं फैल सकी और संभावित जन-धन हानि को रोका जा सका।
दमकल अमले की सूझबूझ, त्वरित निर्णय क्षमता और पेशेवर दक्षता के कारण आग पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
नगर निगम प्रशासन ने फायर कर्मियों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए निगम का फायर अमला 24 घंटे मुस्तैद रहता है।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
