सड़क सुरक्षा को लेकर निगम सक्रिय, जेब्रा क्रॉसिंग और स्पीड ब्रेकर पर लगाए जा रहे रिफ्लेक्टर

कटनी, / शहर में यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने प्रमुख मार्गों और व्यस्त चौराहों पर जेब्रा क्रॉसिंग एवं स्पीड ब्रेकरों पर रिफ्लेक्टर लगाने का कार्य शुरू कर दिया है। आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर दुर्गा चौक, दुबे कॉलोनी, माई नदी पुल, बरगवां, मिशन चौक और आजाद चौक मार्ग सहित विभिन्न स्थानों पर रोड स्टड्स रिफ्लेक्टर लगाए जा रहे हैं।
नगर निगम के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर योगेश पवार ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य रात के समय तथा खराब मौसम में सड़क संकेतों को स्पष्ट रूप से दिखाई देना सुनिश्चित करना है। रिफ्लेक्टर लगने से वाहन चालकों को स्पीड ब्रेकर और पैदल पार पथ की जानकारी पहले से मिल सकेगी, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी।
निगम द्वारा शहर के मुख्य मार्गों और बाजार क्षेत्रों में रोड मार्किंग एवं जेब्रा क्रॉसिंग का कार्य भी लगातार किया जा रहा है। आगामी चरण में पार्किंग और नो-पार्किंग स्थलों पर सूचना संकेतक लगाए जाएंगे, जिससे यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके। निगम प्रशासन ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित आवागमन में सहयोग करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *