नगर में पेयजल आपूर्ति सुचारू रखने निगम प्रशासन के प्रयास निरंतर जारी जल संकट की स्थिति से निपटने त्वरित व्यवस्था, टैंकरों एवं सुधार कार्यों के माध्यम से नागरिकों को राहत कटनी।

नगर में वर्तमान में पड़ रही भीषण गर्मी एवं बढ़ती जल आवश्यकता को दृष्टिगत रखते हुए नगर पालिक निगम कटनी द्वारा नगरवासियों को नियमित एवं सुचारू पेयजल आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए सतत प्रयास किए जा रहे हैं। निगम प्रशासन द्वारा जल प्रदाय व्यवस्था की निरंतर मॉनिटरिंग कर विभिन्न क्षेत्रों में उत्पन्न होने वाली समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कराया जा रहा है।

कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा जल प्रदाय शाखा ने बताया कि विद्युत आपूर्ति बाधित होने, बोर के जलस्तर में कमी आने अथवा पाइप लाइन लीकेज जैसी आकस्मिक परिस्थितियां निर्मित होने के कारण कहीं भी पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने पर निगम प्रशासन द्वारा तत्काल संबंधित क्षेत्रों में पेयजल टैंकर भेजकर वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, जिससे नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

इसके साथ ही निगम प्रशासन द्वारा गठित तकनीकी टीमों के माध्यम से पाइप लाइन लीकेज एवं अन्य तकनीकी समस्याओं का त्वरित निराकरण कराया जा रहा है। नगर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार मॉनिटरिंग एवं सुधार कार्य संचालित किए जा रहे हैं, ताकि पेयजल वितरण व्यवस्था सुचारू बनी रहे और नागरिकों को समय पर पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सके।
निगम प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि कहीं भी पेयजल संबंधी समस्या अथवा लीकेज दिखाई देने पर तत्काल निगम प्रशासन के कंट्रोल रूम नंबर 14420 पर सूचित करें, ताकि समस्या का शीघ्रता से निराकरण कर सुचारू जल आपूर्ति व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *