स्लीमनाबाद से नाबालिग छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, दोस्तों पर पैसे के लेनदेन और अपहरण की आशंका; एसपी से गुहार

स्लीमनाबाद से नाबालिग छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, दोस्तों पर पैसे के लेनदेन और अपहरण की आशंका; एसपी से गुहार
कटनी। जिला अंतर्गत स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार बेहद डरा और सहमा हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए भीम आर्मी भारत एकता मिशन के पदाधिकारियों के साथ पीड़ित पिता ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) कटनी को शिकायती पत्र सौंपकर त्वरित कार्रवाई और संदेहियों से कड़ी पूछताछ की मांग की है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में यह आवेदन 27 मई 2026 को रिसीव कराया गया है।

25 मई से लापता है छात्र, दर्ज हो चुकी है FIR
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्लीमनाबाद निवासी महेंद्र चौधरी का नाबालिग पुत्र (उम्र नाबालिग, 11वीं कक्षा का छात्र) बीते 25 मई 2026 को दोपहर करीब 2:30 बजे से अचानक लापता है। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद परिजनों द्वारा 26 मई 2026 को स्लीमनाबाद थाने में गुमशुदगी की प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज कराई गई। मामले की जांच वर्तमान में ऑफिशिएटिंग सब इंस्पेक्टर काशीराम झारिया द्वारा की जा रही है।

दोस्तों पर गहराया शक, पैसे के लेनदेन का मामला!
लापता छात्र के पिता महेंद्र चौधरी ने पुलिस को दिए आवेदन में एक बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि जिस दिन (25 मई) उनका बेटा लापता हुआ, उसी दिन दोपहर में उसके कुछ दोस्त घर पर “पैसा लेने” आए थे। इसके बाद से ही छात्र अचानक गायब हो गया। परिजनों को आशंका है कि इन दोस्तों का छात्र के लापता होने में सीधा हाथ हो सकता है और यदि पुलिस संदेहियों से सख्ती से पूछताछ करे, तो कोई बड़ा सुराग हाथ लग सकता है।

आवेदन में 5 संदेहियों का उल्लेख
शिकायती पत्र में पीड़ित पक्ष ने मुख्य रूप से 5 स्थानीय युवकों को नामजद करते हुए उन पर संदेह व्यक्त किया है, जो घटना के वक्त या उससे ठीक पहले छात्र के संपर्क में थे। पुलिस को इन सभी संदेहियों के नाम, पते और मोबाइल नंबर सौंपकर तत्काल जांच के दायरे में लेने का आग्रह किया गया है।

सीसीटीवी फुटेज खंगालने और त्वरित कार्रवाई की मांग
भीम आर्मी के पूर्व जिला उपाध्यक्ष संदीप कुमार चौधरी व अन्य पदाधिकारियों की मौजूदगी में सौंपे गए इस आवेदन में मांग की गई है कि स्लीमनाबाद थाना प्रभारी को निर्देशित कर तत्काल सभी संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जाए। साथ ही क्षेत्र के आसपास लगे CCTV फुटेज को भी खंगाला जाए ताकि छात्र की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *