कटनी। आगामी ईद-उल-अजहा पर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का व्यापक निरीक्षण किया गया। पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर यातायात, भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया, उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में यातायात प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर एवं रंगनाथनगर थाना प्रभारी उप निरीक्षक अरुण पाल सिंह ने भीषण गर्मी के बीच व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान ईदगाह से लेकर चांडक चौक, मिशन चौक, सागर पुलिया, कब्रिस्तान मार्ग एवं कर्बला क्षेत्र तक भ्रमण कर यातायात संचालन, पार्किंग व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने संबंधित मार्गों पर सुगम यातायात बनाए रखने, आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधिकारियों ने संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने एवं पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश भी जारी किए। निरीक्षण के दौरान प्रधान आरक्षक सुरेन्द्र सिंह एवं आरक्षक वीरेंद्र भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर अंजुमन इस्लामिक ट्रस्ट के अध्यक्ष हाजी कैस अहमद, अकील सिद्दीकी एवं अकरम सिद्दीकी सहित ट्रस्ट के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने पुलिस एवं प्रशासन द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
कटनी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि पर्व के दौरान यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें तथा शहर की शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
