अवैध हथियार और शराब तस्करी के खिलाफ अभियान, 6 आरोपी गिरफ्तार
कटनी: जिले में कानून व्यवस्था को दुरुस्त रखने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए कटनी पुलिस लगातार मुस्तैद है। पिछले 24 घंटों के भीतर कोतवाली, माधवनगर और स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाकर अवैध हथियार रखने और शराब की तस्करी व खुले में जाम छलकाने वाले 6 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से धारदार हथियार और भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की है।
1. कोतवाली पुलिस की कार्रवाई: चाकू के साथ दो बदमाश और शराब पीते/बेचते दो गिरफ्तार
कोतवाली थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में दबिश देकर चार बड़ी कार्रवाइयां की हैं:
* सेंट पाल स्कूल वाली गली में दबोचा: पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर फारेस्टर प्ले ग्राउंड (सेंट पाल स्कूल वाली गली) से मोहम्मद यासीन (पिता शेख मंसूर, 19 वर्ष, निवासी खिरहनी फाटक) को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से एक धारदार चाकू जब्त किया गया है। पुलिस ने धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
* गायत्री नगर पुलिया पर दूसरी गिरफ्तारी: इसी क्रम में गायत्री नगर पुलिया के पास से भी अवैध हथियार के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से पुलिस ने ₹200 कीमत का धारदार चाकू बरामद किया।
* बस स्टैंड पर सार्वजनिक रूप से शराब पीने पर कार्रवाई: बस स्टैंड प्रतीक्षालय के पास खुले में जाम छलका रहे सृजल जैन (पिता प्रशन्न जैन, 22 वर्ष, निवासी मित्तल कालोनी, नई बस्ती) को पुलिस ने पकड़ा। मौके से 90 एमएल शराब, डिस्पोजल और पानी का पाउच जब्त कर आबकारी एक्ट की धारा 36(बी) के तहत कार्रवाई की गई।
अवैध शराब बेचते पकड़ाया सोनू: बस स्टैंड पर ही बजरंग टायर के पास सोनू उर्फ रोहित यादव (34 वर्ष, निवासी राम मनोहर लोहिया वार्ड) को अवैध रूप से शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया गया। उसके पास से देशी मदिरा प्लेन की बोतलें और बिक्री के ₹75 नकद बरामद किए गए।
2. माधवनगर पुलिस: बुजुर्ग के घर से 95 पाव अवैध शराब जब्त
माधवनगर थाना अंतर्गत निवार चौकी पुलिस ने ग्राम जरवाही में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने प्यारे लाल कुम्हार (60 वर्ष) के घर के सामने दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध शराब का जखीरा बरामद किया।
* जब्ती का विवरण: पुलिस ने दो अलग-अलग कार्टन से कुल 95 पाव शराब जब्त की। इसमें 48 पाव देशी मदिरा मसाला (कीमत ₹4,800) और 47 पाव देशी मदिरा प्लेन (कीमत ₹4,700) शामिल है। जब्त शराब की कुल कीमत करीब ₹9,500 बताई जा रही है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
3. स्लीमनाबाद पुलिस: तालाब के पास से 10,000 रुपये की शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार
स्लीमनाबाद पुलिस ने भी देर रात एक शराब तस्कर को दबोचने में सफलता हासिल की है। दिनांक 24 मई की रात करीब 11:45 बजे पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर ग्राम चरगवां तालाब के पास बगीचे में घेराबंदी की।
वहां से पुलिस ने निर्भय सिंह (पिता रामपाल सिंह, 47 वर्ष, निवासी चरगवां) को अवैध रूप से शराब बेचने की नीयत से घात लगाए बैठे पकड़ा। आरोपी के कब्जे से 100 पाव देशी लाल मसाला शराब जब्त की गई है, जिसकी बाजार में कीमत करीब ₹10,000 है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
