कटनी। पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में नगर निगम कटनी के समीप स्थित दरगाह शरीफ में आयोजित होने वाले सैय्यद बाबा उर्स को लेकर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
यातायात थाना प्रभारी अनूप सिंह एवं कोतवाली थाना प्रभारी श्रीमती राखी पाण्डेय द्वारा उर्स आयोजन समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। बैठक में कानून व्यवस्था बनाए रखने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा यातायात संचालन को सुगम बनाए रखने संबंधी बिंदुओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने आयोजन समिति को निर्देशित किया कि निर्धारित पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं एवं वाहन चालकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शुक्रवार शाम 6 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक मिशन चौक से मुख्य रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर आंशिक यातायात डायवर्सन लागू किया गया है।
वैकल्पिक मार्ग
मिशन चौक से मुख्य रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले सभी वाहन अब सीधे मार्ग से न जाकर मिशन चौक – मुड़वारा स्टेशन – थाना तिराहा – सुभाष चौक मार्ग होते हुए मुख्य रेलवे स्टेशन पहुंच सकेंगे।
वन-वे व्यवस्था
थाना तिराहा से मिशन चौक की ओर जाने वाला मार्ग पूर्णतः वन-वे रहेगा। इस मार्ग पर वाहन केवल थाना तिराहा से मिशन चौक की दिशा में ही संचालित होंगे, जबकि विपरीत दिशा में आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों, श्रद्धालुओं एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें तथा पुलिस एवं प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान करें, ताकि उर्स कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

- स्व. श्री विनोद कुमार बहरे
