भीषण गर्मी की चपेट में नौगांव रहा प्रदेश का सबसे गर्म शहर

12 जिलों में हीटवेव अलर्ट, लोगों को दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह
नौतपा शुरू होने से पहले ही मध्यप्रदेश भीषण गर्मी और लू की चपेट में आ गया है। प्रदेश के उत्तरी और मध्य हिस्सों में तेज धूप और गर्म हवाओं ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। कटनी जिले में भी पिछले तीन दिनों से तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा नजर आने लगा है। लोग घरों से निकलते समय छाता, गमछा और दुपट्टे का सहारा ले रहे हैं।
मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 12 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। बुंदेलखंड क्षेत्र के टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना जिलों में रेड अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं ग्वालियर-चंबल, सागर और रीवा संभाग के कई जिलों में तेज लू चलने की चेतावनी दी गई है। इसका असर कटनी जिले में भी महसूस किया जा रहा है।
शुक्रवार को छतरपुर जिले का नौगांव प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं खजुराहो में पारा 46.4 डिग्री तक पहुंच गया। कटनी में भी दोपहर के समय तेज गर्म हवाओं और उमस से लोग परेशान रहे। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर दोपहर के समय आवाजाही कम दिखाई दी।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। जिला प्रशासन द्वारा भी लोगों से सतर्क रहने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *