विज़न ने रचा इतिहास : पर्यावरण जागरूकता का महायज्ञ, 6 संभागों के युवाओं के बीच क्विज प्रतियोगिता

कटनी। विश्व पर्यावरण संरक्षण एवं जैव विविधता संवर्धन के क्षेत्र में सतत कार्य कर रही युवा संस्था “विज़न” एवं सामान्य वन मंडल कटनी द्वारा एक भव्य एवं ऐतिहासिक समारोह का आयोजन किया गया। इस आयोजन ने न केवल युवाओं में पर्यावरण चेतना का संचार किया, बल्कि पूरे प्रदेश में जागरूकता का नया संदेश भी स्थापित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार, वनमंडलाधिकारी गर्वित गंगवार, डिप्टी कलेक्टर प्रदीप मिश्रा, एडीपीसी जैन, एमपी दिव्यांग क्रिकेट टीम की कप्तान राधा बड़गुजर तथा पर्यावरणविद् निर्भय सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश के चयनित 6 प्रमुख संभागों — भोपाल, उज्जैन, जबलपुर, सागर, शहडोल एवं रीवा — के प्रतिभागियों के मध्य अंतर-जिला जैव विविधता एवं पर्यावरण जागरूकता प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। कटनी के इतिहास में पहली बार इतने बड़े स्तर पर आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों से आए युवाओं ने पर्यावरण, जैव विविधता, वन्यजीव संरक्षण एवं सतत विकास से जुड़े प्रश्नों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
समारोह में सैकड़ों युवाओं, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं पर्यावरण प्रेमियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली। आयोजन के अंतर्गत आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, पर्यावरण एवं जैव विविधता प्रदर्शनी, निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, जागरूकता गतिविधियाँ एवं विशेषज्ञों के प्रेरणादायी मार्गदर्शन ने पूरे कार्यक्रम को एक महोत्सव का स्वरूप प्रदान किया। विशेष बात यह रही कि पूरा कार्यक्रम “जीरो वेस्ट” अवधारणा पर आधारित रहा तथा किसी भी प्रकार की सिंगल यूज़ सामग्री का उपयोग नहीं किया गया।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए टीम सागर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि टीम भोपाल द्वितीय स्थान पर रही। विजेता प्रतिभागियों को कैश प्राइज, स्मृति चिन्ह, प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में गीतांजलि संगीत महाविद्यालय द्वारा जल संरक्षण पर आधारित मनमोहक नृत्य प्रस्तुति दी गई, वहीं श्री कृष्ण कला संगीत महाविद्यालय ने “धरती मैया रोवे लाला” गीत की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया।
कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित निगमाध्यक्ष श्री मनीष पाठक, भाजपा अध्यक्ष श्री दीपक सोनी टंडन, क्षेत्रीय अधिकारी पीसीबी श्री सुधांशु तिवारी एवं श्री बालमुकुंद मिश्र ने विद्यालयों में संचालित विज़न क्लबों, सहयोगियों एवं प्रतिभागियों को सम्मानित किया तथा युवाओं के प्रयासों की सराहना की।
अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि भविष्य की अनिवार्य आवश्यकता बन चुका है। ऐसे में विज़न की सक्रिय भागीदारी एवं पहल समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का महत्वपूर्ण माध्यम सिद्ध हो रही है।
विज़न अध्यक्ष आशुतोष माणके ने बताया कि संस्था पिछले चार वर्षों से वृक्षारोपण, जैव विविधता संरक्षण, पर्यावरण शिक्षा, जल संरक्षण एवं जनजागरूकता जैसे विषयों पर सतत कार्य कर रही है तथा आगामी वर्षों में और व्यापक स्तर पर अभियान चलाए जाएंगे।
समारोह के समापन पर सभागार में उपस्थित सभी अभिभावकों एवं युवाओं ने पर्यावरण संरक्षण एवं जैव विविधता संवर्धन हेतु सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, अभिभावक, वन विभाग के अधिकारी, शिक्षकगण, सोशल इनफ्लुएंसर्स एवं पर्यावरण प्रेमी नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *